कैंसर, वैश्विक स्तर पर मृत्यु के सबसे बड़े जोखिमों में से एक है। भले ही मेडिकल क्रांति ने आधुनिक चिकित्सा, स्क्रीनिंग, उपचार और दवाओं में महत्वपूर्ण प्रगति की है, लेकिर अब भी यह बीमारी हर साल लाखों लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रही है। कैंसर के बढ़ते खतरे को कम करने की दिशा में अमेरिका की बाइडेन सरकार अपने महत्वाकांक्षी योजना 'कैंसर मूनशॉट' को लेकर काम कर रही है, जिसका उद्देश्य अगले 25 वर्षों में कैंसर से मृत्यु के खतरे को 50 फीसदी तक कम करना है।
Cancer MoonShot: 2050 तक कैंसर मृत्युदर को 50% कम करने का लक्ष्य, जानिए क्या है ये योजना और अब तक की प्रगति
कैंसर मूनशॉट के बारे में जानिए
कैंसर मूनशॉट योजना, कैंसर की रोकथाम के लिए रिसर्च को बढ़ावा देने और मृत्युदर को कम करने वाले उपायों पर जोर देती है।संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रीय कैंसर कार्यक्रम को पूरा करने की बड़ी जिम्मदारी नेशनल कैंसर इंस्टीट्यूट (एनसीआई) और कैंसर पर शोध करने वाली अन्य संस्थाओं को दी गई है।
एनसीआई की निदेशक मोनिका एम. बर्टाग्नोली कहती हैं, राष्ट्रपति बाइडेन के कैंसर मूनशॉट योजना ने कैंसर के खिलाफ लड़ाई को आगे बढ़ाने के लक्ष्यों को प्रेरित किया है। राष्ट्रीय कैंसर योजना एक रोडमैप है कि हम इस बीमारी के खिलाफ तेजी से प्रगति कैसे कर सकते हैं। हम 25 वर्षों के भीतर कैंसर मृत्यु दर को 50% तक कम करने के कैंसर मूनशॉट लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में काम कर रहे हैं।
ये हैं आठ लक्ष्य
कैंसर मूनशॉट के लिए जिन योजनाओं और लक्ष्यों पर काम किया जा रहा है, वह सभी के लिए जानना आवश्यक है। कैंसर की रोकथाम और इससे होने वाली मृत्युदर को कम करने के लिए आठ लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं।
- रोगियों में कैंसर का जल्द पता लगाना।
- प्रभावी उपचार विकसित करना।
- उपचार की असमानताओं को खत्म करना।
- रोगियों को इष्टतम देखभाल प्रदान करना।
- हर व्यक्ति की भागीदारी सुनिश्चित करना।
- अधिकतम डेटा उपयोगिता को बढ़ावा देना।
- स्वास्थ्य सेवाओं और कार्यबल क मजबूती देना।
कब तक कितना हुई है प्रगति?
डिपार्टमेंट्स नेशनल लैब द्वारा कैंसर मूनशॉट योजना के तहत कैंसर की रोकथाम को लेकर अब तक कुछ विशेष प्रयास किए गए हैं। इसे भी जानना जरूरी है।
- ओक रिज नेशनल लेबोरेटरी ने एक कैंसर-ट्रिगर की खोज की है जो पौधों के सूक्ष्मजीव के माध्यम से मनुष्यों में होता है। इस शोध के परिणाम स्तन या पेट में उभरने वाले कैंसर सहित विभिन्न कैंसर से लड़ने के लिए दवा के विकास के लिए आशान्वित हैं।
- एसएलएसी राष्ट्रीय प्रयोगशाला और स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय के एक अध्ययन ने पता लगाया कि मानव कोशिकाओं में प्रोटीन फोल्ड कैसे हैं और कैसे यह प्रक्रिया कैंसर सहित मानव रोगों का कारण बनती है। यह शोध कैंसर से लड़ने की रणनीति विकसित करने में मदद करेगा।
- पैसिफिक नॉर्थवेस्ट नेशनल लेबोरेटरी के वैज्ञानिकों ने एक ऐसे प्रोटीन का खुलासा किया जो सिर और गर्दन के कैंसर का जल्द पता लगाने में मदद कर सकती है।
- लॉरेंस बर्कली नेशनल लेबोरेटरी में वैज्ञानिकों की एक टीम कीमोथेरेपी की दवा बनाने और वैश्विक आपूर्ति की कमी को दूर करने की दिशा में काम कर रही है।
----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।