Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें

अलर्ट: जिसे समझ रहे हैं प्रोटीन-आयरन का खजाना, कहीं वही न बन जाए हृदय रोग और कैंसर का कारण

Sun, 01 Nov 2026 10:16 PM IST
अभिलाष श्रीवास्तव हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: अभिलाष श्रीवास्तव Updated Sun, 01 Nov 2026 10:16 PM IST
सार

रेड मीट यानी मटन को प्रोटीन, आयरन और विटामिन बी12 का अच्छा स्रोत माना जाता है, लेकिन इसका अधिक सेवन सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है। अध्ययनों में इसके सेवन ज्यादा सेवन को बड़ी आंत के कैंसर, हृदय रोग और गाउट का खतरा बढ़ाने वाला पाया गया है।

विज्ञापन
Can Eating Red Meat Increase Your Risk of Cancer and Heart Disease
डाइट पर दें ध्यान - फोटो : Amarujala.com/AI

शरीर को स्वस्थ और फिट रखने के लिए हमें डाइट से भरपूर मात्रा में पोषक तत्व लेते रहने पर ध्यान देते रहना चाहिए। शरीर को स्वस्थ रखने और खून के साथ पूरे शरीर में ऑक्सीजन के संचार को ठीक रखने के लिए आयरन बहुत जरूरी है। आयरन शरीर में हीमोग्लोबिन नामक प्रोटीन बनाने में मदद करता है, जो फेफड़ों से ऑक्सीजन को लेकर शरीर के सभी अंगों और ऊतकों तक पहुंचाता है। हमारी डाइट में कई चीजें ऐसी हैं जो आयरन से भरपूर मानी जाती हैं- रेड मीट या मटन इसका सबसे अच्छा स्रोत है।



आयरन की पूर्ति के लिए अक्सर लोग अपनी डाइट में नियमित रूप से मटन और दूसरी तरह के रेड मीट को शामिल करते हैं। इसमें आयरन के साथ प्रोटीन और विटामिन बी12 जैसे पोषक तत्व भी होते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि स्वाद और पोषण से भरपूर रेड मीट का जरूरत से ज्यादा सेवन सेहत के लिए नुकसानदायक भी हो सकता है?

इतना ही नहीं ज्यादा मात्रा में रेड मीट आपको दिल और कैंसर का मरीज तक बना सकता है।

Trending Videos
Can Eating Red Meat Increase Your Risk of Cancer and Heart Disease
रेड मीट खाने के नुकसान - फोटो : freepik.com

रेड मीट का अधिक सेवन नुकसानदायक

अध्ययनों में पाया गया है कि रेड मीट का अधिक सेवन कई गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ाने वाला हो सकता है। इनसे बड़ी आंत का कैंसर, हृदय रोग और गाउट जैसी समस्याएं हो सकती हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, कभी-कभार रेड मीट खाना नुकसानदायक नहीं है। लेकिन नियमित रूप से अधिक मात्रा में इसका सेवन स्वास्थ्य संबंधी जोखिम जरूर बढ़ा सकता है।
 

  • रेड मीट को आयरन का अच्छा स्रोत माना जाता है। इसमें हीम आयरन पाया जाता है, जिसे हमारा शरीर पौधों से मिलने वाले आयरन की तुलना में आसानी से अवशोषित कर लेता है। 
  • इसके अलावा यह प्रोटीन और विटामिन बी12 भी उपलब्ध कराता है। ये पोषक तत्व शरीर में खून बनाने और मांसपेशियों को स्वस्थ रखने के लिए जरूरी हैं।
Can Eating Red Meat Increase Your Risk of Cancer and Heart Disease
कैंसर के खतरे को लेकर अलर्ट - फोटो : Adobe Stock

रेड मीट ज्यादा खाने से नुकसान

स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं,  रेड मीट में मौजूद हीम आयरन पाचन तंत्र में कुछ रासायनिक प्रक्रियाओं को बढ़ावा दे सकता है। इससे एन-नाइट्रोसो कंपाउंड जैसे हानिकारक तत्व बनने की आशंका रहती है। ये तत्व कोशिकाओं के डीएनए को नुकसान पहुंचा सकते हैं। डीएनए में इस तरह की क्षति लंबे समय में कैंसर का जोखिम बढ़ाने वाली हो सकती है।

अध्ययनों से पता चलता है कि रेड मीट के अधिक सेवन से कोलोरेक्टल कैंसर यानी बड़ी आंत और मलाशय के कैंसर का खतरा हो सकता है।

विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की कैंसर संबंधी एजेंसी इंटरनेशनल एजेंसी फॉर रिसर्च ऑन कैंसर (आईएआरसी) ने साल 2015 में रेड मीट को संभवतः कैंसरकारी श्रेणी में रखा था। इसे ग्रुप 2A में शामिल किया गया है। इसका मतलब है कि रेड मीट और कैंसर के बीच संबंध के कुछ वैज्ञानिक प्रमाण मौजूद हैं, हालांकि इसके साक्ष्य सीमित हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन
Can Eating Red Meat Increase Your Risk of Cancer and Heart Disease
हृदय रोगों का खतरा - फोटो : Adobe Stock

दिल की सेहत के लिए खतरा

रेड मीट के अधिक सेवन का असर सिर्फ पाचन तंत्र तक सीमित नहीं रहता, बल्कि यह दिल की सेहत के लिए भी चिंता का विषय हो सकता है।

रेड मीट के कुछ हिस्सों में सैचुरेटेड फैट की मात्रा अधिक होती है। इसका जरूरत से ज्यादा सेवन खून में एलडीएल यानी बैड कोलेस्ट्रॉल का स्तर बढ़ा सकता है। बैड कोलेस्ट्रॉल बढ़ने से धमनियों की अंदरूनी दीवारों पर फैट जमा होने लगता है। धीरे-धीरे ये नलियां संकरी और सख्त हो सकती हैं। इस स्थिति में हार्ट अटैक और स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है।

इसके अलावा रेड मीट में एल-कार्निटाइन नामक तत्व भी पाया जाता है। आंतों में मौजूद बैक्टीरिया इसे तोड़कर टीएमएओ  नामक पदार्थ बना सकते हैं। टीएमएओ के बढ़े हुए स्तर से हृदय संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।

विज्ञापन
Can Eating Red Meat Increase Your Risk of Cancer and Heart Disease
आर्थराइटिस की समस्या - फोटो : Adobe Stock

जोड़ों में दर्द और सूजन की दिक्कत

अगर आपको अक्सर जोड़ों में दर्द और सूजन की शिकायत रहती है, तो अपनी डाइट पर भी ध्यान देना जरूरी है। रेड मीट में प्यूरिन नामक प्राकृतिक तत्व पाया जाता है। शरीर में प्यूरिन के ब्रेक डाउन से यूरिक एसिड बनता है।

जब शरीर में यूरिक एसिड की मात्रा बहुत ज्यादा हो जाती है, तो इसके छोटे-छोटे क्रिस्टल जोड़ों में जमा होने लगते हैं। इससे घुटनों और जोड़ों में तेज दर्द, लालिमा और सूजन हो सकती है। जिन लोगों को पहले से यूरिक एसिड या गाउट की समस्या है, उन्हें अपने खानपान में विशेष सावधानी बरतनी चाहिए।



--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।

अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।

अगली फोटो गैलरी देखें
विज्ञापन

सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें  लाइफ़ स्टाइल से संबंधित समाचार (Lifestyle News in Hindi), लाइफ़स्टाइल जगत (Lifestyle section) की अन्य खबरें जैसे हेल्थ एंड फिटनेस न्यूज़ (Health  and fitness news), लाइव फैशन न्यूज़, (live fashion news) लेटेस्ट फूड न्यूज़ इन हिंदी, (latest food news) रिलेशनशिप न्यूज़ (relationship news in Hindi) और यात्रा (travel news in Hindi)  आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़ (Hindi News)।  

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed