अच्छी सेहत के लिए स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी लोगों को ऐसी डाइट लेते रहने की सलाह देते हैं जिससे शरीर के लिए आवश्यक ज्यादातर पोषक तत्वों की आसानी से पूर्ति हो सके। आमतौर पर हम सभी डाइट में प्रोटीन, आयरन वाली चीजों को तो शामिल कर लेते हैं पर क्या आपकी डाइट में ओमेगा-3 फैटी एसिड वाली चीजों की मात्रा है?
सेहत की बात: शाकाहारी लोग नहीं लेते फिश ऑयल, फिर कैसे करें ओमेगा-3 की कमी पूरी? यहां मिलेगा जवाब
Vegetarian Omega-3 sources: ओमेगा-3 फैटी एसिड दिल, दिमाग और शरीर के लिए जरूरी है। लेकिन शाकाहारी लोग फिश ऑयल का सेवन नहीं करते। ऐसे में अलसी, चिया सीड्स, अखरोट आपके लिए लिए अच्छे विकल्प हो सकते हैं।
ओमेगा-3 कैप्सूल सेहत के लिए जरूरी
मेडिकल रिपोर्ट्स से पता चलता है कि ओमेगा-3 कैप्सूल से शरीर को जरूरी पॉलीअनसैचुरेटेड फैटी एसिड मिलता है, जिसे आमतौर पर शरीर खुद नहीं बना पाता। ओमेगा-3 खून ट्राइग्लिसराइड्स के स्तर को कम करने और गुड कोलेस्ट्रॉल को बढ़ाने में मदद करता है, जिससे हार्ट अटैक और स्ट्रोक का खतरा कम होता है।
- अगर आप फिश ऑयल नहीं ले सकते हैं तो प्राकृतिक रूप से भी ओमेगा-3 के कई सारे विकल्प मौजूद होते हैं, जिनसे शरीर के लिए इसकी जरूरतें पूरी हो सकती हैं। अलसी, चिया सीड्स और अखरोट जैसे खाद्य पदार्थों में भी इसकी भरपूर मात्रा पाई जाती हैं।
दिल के अलावा भी इसके कई फायदे
ओमेगा-3 एक जरूरी फैटी एसिड (स्वस्थ वसा) है, जिसकी शरीर को कई महत्वपूर्ण कामों के लिए जरूरत होती है। हमारा शरीर इसे खुद पर्याप्त मात्रा में नहीं बना पाता, इसलिए इसकी पूर्ति भोजन के जरिए करना जरूरी है।
- ओमेगा-3 दिल की सेहत को ठीक रखने के साथ ब्रेन हेल्थ, आंखों और गर्भवती महिलाओं के लिए भी जरूरी है।
- यह मस्तिष्क की कोशिकाओं की बनावट और कामकाज में अहम भूमिका निभाता है। याददाश्त और दिमागी विकास के लिए भी ये जरूरी है।
- ओमेगा-3 में मौजूद डीएचए आंखों के रेटिना का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यह आंखों की सामान्य कार्यक्षमता बनाए रखने में मदद करता है।
- ओमेगा-3 शरीर में सूजन से जुड़ी प्रक्रियाओं को नियंत्रित करने में भूमिका निभाता है।
- गर्भ में पल रहे बच्चे के मस्तिष्क और आंखों के विकास के लिए भी ये बहुत महत्वपूर्ण है।
- जोड़ों की सूजन और गठिया से जुड़े दर्द को कम करने में भी ओमेगा-3 से लाभ मिल सकता है
शाकाहारी लोगों किन चीजों का करें सेवन?
शाकाहारी लोगों के लिए ओमेगा-3 के कई सारे विकल्प हैं जिन्हें डाइट में शामिल करके लाभ पाया जा सकता है।
- अलसी सीड्स में अल्फा-लिनोलेनिक एसिड (एएलए) भरपूर मात्रा में होता है, इसी तरह चिया सीड्स से ओमेगा-3 के साथ फाइबर भी मिल जाता है। अखरोट, सोयाबीन और सोया ऑयल से भी इसकी जरूरतों को पूरा किया जा सकता है।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।