अगर आप जिम जाते हैं या नियमित रूप से व्यायाम करते हैं तो आपको शरीर को बेहतर पोषण देने की अधिक आवश्यकता होती है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, ऐसे लोगों को आहार में नियमित रूप से मौसमी फलों-सब्जियों को जरूर शामिल करना चाहिए, जिससे शरीर को पर्याप्त मात्रा में विटामिन्स और पोषण मिलता रहे। फिटनेस फ्रीक लोगों के लिए केला पहली पसंद रहा है, जो न सिर्फ शारीरिक शक्ति बढ़ाने में सहायक है साथ ही इसके नियमित सेवन से आपको कई प्रकार के स्वास्थ्य लाभ मिल सकते हैं।
Health Tips: फिटनेस फ्रीक लोगों के लिए पसंदीदा है ये फल, शारीरिक शक्ति बढ़ाने के साथ पाचन के लिए बेहद फायदेमंद
वजन घटाने में भी इसके लाभ
फिटनेस को बेहतर रखने के लिए जरूरी है कि आपका वजन कंट्रोल में रहे। केला का सेवन करना इसमें भी आपके लिए फायदेमंद हो सकता है। अध्ययन में पाया गया है कि केले में कई ऐसे गुण होते हैं जो इसे वजन घटाने के लिए अनुकूल बनाते हैं। केले में अपेक्षाकृत कैलोरी भी कम होती है इससे आप न सिर्फ बेहतर पोषण प्राप्त करते हैं साथ ही वजन बढ़ने का खतरा कम होता है। केले में डाइट्री फाइबर होता है जो शरीर के लिए कई प्रकार से लाभकारी है।
पाचन के लिए लिए फायदेमंद
केले में मौजूद डाइट्री फाइबर इसे पाचन सहित कई स्वास्थ्य लाभ के लिए काफी फायदेमंद बनाता है। दस्त और कब्ज जैसी समस्या के जोखिम को कम करने में भी केले का सेवन करना आपके लिए फायदेमंद हो सकता है। इसके अलावा पके और कच्चे दोनों केले में पेक्टिन पाया जाता है, यह भी एक प्रकार का फाइबर है जो कब्ज को रोकने और मल को नरम करने में मदद करता है।
हृदय स्वास्थ्य के लिए भी ये फायदेमंद
केले का सेवन करना आपके हार्ट के लिए भी लाभकारी है। इसकी मुख्य वजह इसमें पाया जाने वाला पोटेशियम है। ये खनिज हृदय स्वास्थ्य और विशेष रूप से रक्तचाप के प्रबंधन के लिए महत्वपूर्ण है। केले पोटेशियम के सबसे अच्छे स्रोतों में से एक है, पोटेशियम युक्त आहार से उच्च रक्तचाप का खतरा कम हो सकता है।
चूहों पर 2017 में किए गए एक अध्ययन में पाया गया कि पोटेशियम हृदय रोग के खतरे को 27% तक कम कर सकता है।
किडनी स्वास्थ्य में हो सकता है सुधार
पोटेशियम, आपके रक्तचाप के साथ किडनी को भी स्वस्थ रखने में मदद करता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, पोटेशियम उन पोषक तत्वों में से एक है जिसे आपकी किडनी के लिए बहुत लाभकारी माना जाता है। एक अध्ययन में पाया गया कि क्रोनिक किडनी रोग वाले जिन रोगियों ने आहार में पोटेशियम वाली चीजों की मात्रा बढ़ाई उनमें किडनी की समस्या कम हुई और स्वास्थ्य में भी सुधार हुआ।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।