श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग को दो महीने की कड़ी मेहनत के बाद शनिवार को यातायात के लिए खोल दिया गया। इस मार्ग पर 25 से 30 फुट तक बर्फ जमा थी। सेना ने श्रीनगर-कारगिल-लेह राजमार्ग को पांच महीने बाद यातायात के लिए खोल दिया।
इस राजमार्ग के खुलने से कारगिल और लेह निवासियों ने राहत की सांस ली है। जोजिला पास के खुलने पर शनिवार को 350 से अधिक सिविल और सेना की गाडि़यां गुजरीं। यह रास्ता पिछले वर्ष 23 नवंबर को भारी बर्फबारी होने के कारण बंद कर दिया गया था।
434 किलोमीटर लंबा यह रास्ता इकलौता राजमार्ग है जो कारगिल और लेह को जम्मू व कश्मीर से जोड़ता है। इस रास्ते को सेना भी सुरक्षा के लिहाज से अहम मानती है।
जोजिला पास पर जहां अभी भी करीबन 10 से 15 फुट बर्फ जमा है, को सेना की 15 कोर के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल सतीश दुआ द्वारा हरी झंडी दिखाकर यातायात के लिए खोल दिया गया। दुआ ने कहा कि इस मार्ग के खुलने से स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी।
इस बार पिछले वर्ष के मुकाबले 15 दिन पहले ही मार्ग को खोल दिया गया है। उन्होंने बताया कि इस मार्ग को पूरे वर्ष खुला रखने के लिए दो टनल बनाई जाएंगी। छह किलोमीटर लंबर एक जेड-मोड़ टनल गगनगीर से शुरू होगी। इस पर काम शुरू हो चुका है। दूसरी जोजिला टनल 14 किलोमीटर लंबी होगी, जिस पर भी जल्द कार्य शुरू होगा।