वैष्णो देवी के आधार शिविर कटड़ा में 22वें नवरात्र महोत्सव का शुभारंभ हर्षोल्लास के साथ हुआ। इस दौरान पर्यटन विभाग और श्राइन बोर्ड के सौजन्य से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसका स्वागत भक्तों ने पुष्प वर्षा से किया
जम्मू-कश्मीर के जल आपूर्ति मंत्री शाम लाल चौधरी ने कन्या पूजन कर 22वें नवरात्र महोत्सव का आगाज किया।
स्कूली बच्चों की रैली भी शोभायात्रा का हिस्सा रही। राज्य पर्यटन से जुड़े विभिन्न विकास प्राधिकरण के माध्यम से भी प्रस्तुति दी गई।
शोभायात्रा में एक ओर जहां धार्मिक झांकियों की प्रस्तुति की गई, वहीं कुड डांस और अन्य दृश्य विशेष आकर्षण का केंद्र बने। वहीं, बाबा जित्तो, स्वच्छ भारत अभियान जैसी प्रस्तुतियां भी झांकियों में शामिल रहीं।
हर दो झांकियों के बीच ढोल बजाने वालों की टोलियां और विभिन्न नृत्यों की प्रस्तुति देखने लायक थी। इनमें कश्मीरी लोक नृत्य, राजस्थानी नृत्य, डांडिया आदि शामिल थे। शोभायात्रा में शामिल झांकियों में माता शैलपुत्री, राम दरबार, वैष्णो माता के स्वरूप, शिव विवाह आदि के दृश्य थे।