कोरोना के दो साल बाद महिला कपड़ा बाजार को गति मिली है। करवाचौथ और फेस्टिवल सीजन में जम्मू में ही करीब पांच सौ करोड़ रुपये का थोक व खुदरा महिला कपड़ा बाजार का कारोबार होने की उम्मीद है। खासतौर पर पति और पत्नी के रिश्तों का महत्वपूर्ण पर्व करवाचौथ पर महिलाओं को बनारस, जयपुर, कोलकाता सहित देश के अन्य हिस्सों के रेडीमेड सूट, साड़ियां, ब्राइडिल लहंगे और गाउन भा रहे हैं। शोरूम में आकर्षक छूट भी दी जा रही है। लिंक रोड स्थित ख्याब शोरूम के वरुण महाजन बताते हैं कि करवाचौथ पर महिलाओं के लिए अलग-अलग रेंज में अनस्टिड्ज और रेडीमेड सूट एक हजार रुपये से 7 हजार रुपये या इससे अधिक रेंज तक उपलब्ध हैं।
Karwa Chauth 2022: जम्मू में महिलाओं को भा रहीं बनारस-जयपुर और कोलकाता की साड़ियां, कश्मीर के बाजारों में रौनक
इसी तरह बनारस, जयपुर और कोलकाता से निर्मित साड़ियां महिलाओं को भा रही हैं। ये दो हजार रुपये से लेकर दस हजार या इससे अधिक रेंज तक उपलब्ध हैं। इसके अलावा लेडीज सूट और ब्राइडिल लहंगे भी महिलाओं की पसंद बने हुए हैं। यह 15 हजार से लेकर 60 हजार रुपये तक उपलब्ध हैं। रेडीमेड सूट में शरारा सूट दो हजार से पांच हजार रुपये में उपलब्ध हैं। वहीं अनारकली सूट भी दो हजार से सात हजार रुपये तक मिल रहे हैं। होलसेल क्लाथ मर्चेंट एसोसिएशन के प्रधान रघुवीर गुप्ता का कहना है कि दो साल बाद महिला कपड़ा बाजार को गति मिली है। इस सीजन थोक व खुदरा में पांच सौ करोड़ रुपये तक का कारोबार हो सकता है।
करवाचौथ और दीपावाली के चलते बाजारों में रौनक
रामगढ़ में जैसे-जैसे करवाचौथ और दीपावली का त्योहार नजदीक आ रहा है तो रामगढ़ के बाजार गुलजार होने शुरू हो गए हैं ।सीमावर्ती क्षेत्र की महिलाएं रामगढ़ के बाजार में पहुंच रही हैं, और सामान की खरीदारी कर रही हैं। उसके साथ-साथ लोगों ने दीपावली की भी तैयारियां शुरू कर दी हैं। दुकानदार राजू महाजन, सुनील कुमार, पंकज, अनील कुमार का कहना है कि रामगढ़ के बाजार में काफी दिनों से मंदी का आलम था, अब जैसे ही करवाचौथ और दीपावली का त्योहार नजदीक आ रहा है तो बाजार में रौनक बढ़ना शुरू हो गई है, लोग खरीदारी कर रहे हैं।