जम्मू-कश्मीर: स्वतंत्रता दिवस के लिए जम्मू शहर की सुरक्षा चाक-चौबंद, आसमान से लेकर जमीन तक चप्पे-चप्पे की निगरानी
सरपंच और पंच भी लोगों को जागरूक कर रहे हैं कि कहीं पर कोई संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।
एमए स्टेडियम पर कड़ा पहरा तवी में चलाया तलाशी अभियान
जम्मू के एमए स्टेडियम की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। स्टेडियम के पास तवी नदी में भी पुलिस ने गश्त शुरू कर दी है। बुधवार को पुलिस, एसओजी और अर्धसैनिक बलों की टुकड़ियों ने शहर में कई जगहों पर संदिग्ध क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाया। लोगों से पूछताछ की गई।
मंदिरों और प्रमुख स्थलों की सुरक्षा बढ़ाई गई
पुलिस प्रशासन ने शहर के प्रसिद्ध रघुनाथ मंदिर, रणवीरेश्वर मंदिर, पीरखो मंदिर, लक्ष्मीनारायण मंदिर, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट की सुरक्षा बढ़ा दी है। इन जगहों पर एसओजी, डॉग स्क्वायड और कमांडो की मदद से बुधवार को जांच अभियान चलाकर सुरक्षा बंदोबस्त की समीक्षा की गई।
रात को गश्त बढ़ाई गई है। संवेदनशील जगहों पर अतिरिक्त नाकों के साथ कुछ जगह चिह्नित की गई हैं, यहां से आतंकी घुसपैठ कर सकते हैं। इन सबको लेकर अतिरिक्त बंदोबस्त किए गए हैं। सुरक्षा एक चुनौती है, लेकिन इससे निपटने के लिए हर तरफ से काम किया जा रहा है। - मुकेश सिंह, एडीजीपी, पुलिस, जम्मू
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर: दफ्तर से गैरहाजिर चार सरकारी कर्मी निलंबित, कमेटियां गठित करने के 24 घंटे के भीतर कार्रवाई