श्री अमरनाथ यात्रा का शंखनाद हो गया है। भोले के भक्तों के लिए 28 जून से 56 दिन की अमरनाथ यात्रा का शुभारंभ होगा। हिंदू कैलेंडर के मुताबिक पारंपरिक बालटाल और चंदनवाड़ी रूट से होने वाली यह यात्रा आषाढ़ पूर्णिमा से शुरू होकर श्रावण पूर्णिमा (रक्षाबंधन) पर 22 अगस्त को संपन्न होगी। कोरोना महामारी के प्रकोप को देखते हुए इस बार यात्रा कोविड एसओपी के तहत होगी। यात्रा के लिए देशभर में 37 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मान्यता प्राप्त पंजाब नेशनल बैंक, जम्मू-कश्मीर बैंक और यस बैंक की 446 शाखाओं में एक अप्रैल से अग्रिम यात्री पंजीकरण शुरू होगा।
अमरनाथ यात्रा 2021: पहली बार भक्तों को मिलेगी ये सेवा... वो भी मुफ्त, पढ़ें हर जानकारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यात्रा मार्ग पर दैनिक यात्रियों की संख्या 7500 से बढ़ाकर 10000 कर दी गई है। 13 वर्ष से कम और 75 वर्ष से अधिक आयु वर्ग को यात्रा की अनुमति होगी। हेलिकॉप्टर से यात्रा करने वाले श्रद्धालु इस संख्या सीमा में शामिल नहीं रखे गए हैं। बैठक में पुजारियों के लिए पारिश्रमिक की मौजूदा दर 1000 रुपये प्रतिदिन से बढ़ाकर अगले तीन वर्ष के लिए प्रतिदिन 1500 रुपये की गई है। यात्रियों और सेवा प्रदाताओं के लिए समूह दुर्घटना बीमा कवर 3 लाख रुपये से बढ़ाकर 5 लाख और पोनी के लिए 30 हजार से बढ़ाकर 50 हजार रुपये किया गया है।
पवित्र गुफा और यात्रा मार्ग पर यात्रा शुरू करने से दो सप्ताह पहले 15 जून से दूरसंचार सेवाओं को चालू कर दिया जाएगा। ऑनलाइन डिजिटल सिस्टम को मजबूत करने के लिए आरएफआईडी ट्रैकिंग और सेवाओं की प्रीपेड हायरिंग शुरू करने पर भी चर्चा हुई। यात्रा के दौरान प्रतिदिन देश विदेश के भक्तों के लिए प्रात: और शाम की आरती का सीधा प्रसारण किया जाएगा। इसमें वर्चुअल माध्यम से पवित्र शिवलिंग के दर्शनों का सौभाग्य प्राप्त होगा। कोरोना महामारी के चलते वर्ष 2020 में भी आरती का 10 दिनों के लिए सीधा प्रसारण किया गया था।
अखाड़ा परिषदों को दिया जाएगा विशेष निमंत्रण
उपराज्यपाल ने अखाड़ा परिषदों, आचार्य परिषदों को विशेष निमंत्रण जारी करने और साधु संत समाज की सुविधा के लिए देशभर के प्रमुख धार्मिक स्थानों पर काउंटर स्थापित करने की संभावना तलाशने के निर्देश दिए।
तीर्थ यात्री यात्रा के बारे में वास्तविक समय की जानकारी प्राप्त करने और ऑनलाइन सेवाओं का लाभ पाने के लिए गूगल प्ले स्टोर पर श्री अमरनाथ यात्रा एप डाउनलोड कर सकते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए तिथि वार और मार्ग के मुताबिक यात्रा की अनुमति मिलेगी।