पंजाब नेशनल बैंक की मुम्बई स्थित ब्रेडी हाउस शाखा में हुए देश के सबसे बड़े बैंक घोटाले ने देश भर में हड़कंप मचा दिया है। करीब 11,394 करोड़ के इस घोटाले में जहां एक ओर प्रवर्तन निदेशालय और सीबीआई की टीमें देश भर में घोटाले के मुख्य आरोपी नीरव मोदी और मेहुल चौकसी के ठिकानों पर लगातार कार्रवाई कर रही है। वहीं दूसरी और पीएनबी भी प्राथमिक तौर पर दोषी पाए गए स्टॉफ पर लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में पीएनबी ने भरतपुर में तैनात अपने दो अधिकारियों को निलंबित कर दिया। बताया जा रहा है कि ये दोनों अधिकारी घोटाले की अवधि के दौरान मुम्बई की उसी शाखा में तैनात थे जहां घोटाला हुआ। हालांकि ये दोनों अधिकारी घोटाले में लिप्त थे या नहीं यह जांच का विषय है।
एक है मुख्य प्रबंधक
जिन दो अधिकारियों को पंजाब नेशनल बैंक ने निलंबित किया है उनमें से एक भरतपुर की लक्ष्मण मंदिर पीएनबी शाखा के मुख्य प्रबंधक आर के जैन। जानकारी के अनुसार भरतपुर के रणजीत नगर के रहने वाले जैन मुम्बई की ब्रेडी हाउस शाखा में वर्ष 2012 से 2015 के दौरान सेंकड इंचार्ज थे। गौरतलब है कि पीएनबी में घोटाले की बात सामने आने के बाद बैंक के एमडी सुनील मेहता ने कहा कि बैंक स्वयं दोषी अधिकारियों व कर्मचारियों की शिकायत कर कार्रवाई भी कर रहा है।
सर्किल आॅफिस में है दूसरे अधिकारी
भरतपुर में तैनात जिस दूसरे अधिकारी पीएनबी ने निलंबित किया है वे है पीसी सोनी। स्केल चार के आॅफिसर पीसी सोनी वर्तमान में पीएनबी के सर्किल आॅफिस में कार्यरत है। बताया जा रहा है पीसी सोनी वर्ष 2011 अप्रेल से नवंबर तक मुम्बई की ब्रेडी हाउस शाखा में ही कार्यरत थे। वे वहां कॉन्ट्रेक्टर आॅडिटर के पद पर सेवाएं दे रहे थे। पीएनबी भरतपुर में दो बड़े अधिकारियों के निलंबन की सूचना के बाद भरतपुर की सभी बैंक शाखाओं में हड़कंप मच गया है।
अब तक 41 लोगों पर कार्रवाई
पंजाब नेशनल बैंक अब इस घोटाले को लेकर अपने 41 अधिकारियों व कर्मचारियों को निलंबित कर चुका है। जानकारी के अनुसार भरतपुर में जिन दो अधिकारियों को बैंक ने निलंबित किया है उनसे भी ईडी जल्द ही पूछताछ कर सकती है। वहीं बैंक से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि निलंबन का मतलब यह नहीं है कि वे दोषी है। बैंक ने इन लोगों को निलंबित इसलिए किया है कि ताकि जांच किसी तरह से प्रभावित नहीं हो सके।
जयपुर में की गई छापेमारी
वहीं घोटाले के आरोपियों मेहूल चौकसी के गीतांजलि जैम्स की फैक्ट्री में ईडी की कार्रवाई आज सुबह पूरी हुई। गौरतलब है कि गीतांजलि जैम्स की जयपुर में तीन फैक्ट्रीयां है। जिसमें दो सीतापुरा में व एक सेज में है। यहां से ईडी ने करोड़ों रुपए कीमत के जैम्स व अन्य कीमती जवाहारात जब्त किए है। हालांकि अधिकारिक तौर पर इस बात का खुलासा नहीं किया गया है।