फिल्म 'पद्मावत' को लेकर घमासान चरम पर है, जिसे लेकर अब संजय लीला भंसाली कुछ नरम हुए हैं। भंसाली ने करणी सेना को खत देकर फिल्म देखने का न्यौता भेजा है। इस खत में भंसाली ने करणी सेना को सफाई भी पेश की है।
उम्मीदों पर खरी उतरेगी
पत्र में करणी सेना को लिखा गया है कि फिल्म को लेकर आप लोगों को भ्रमित किया गया है। यह फिल्म राजपूत समाज और पदमावती के सम्मान और कसौटी पर खरी उतरेगी।
एक साल पहले भी लिखा था पत्र
खत में ये भी लिखा है कि फिल्म में जिस ड्रीम सीक्वेंस की बात पहले की जा रही थी, उसके बारे में हम पहले भी आपको (करणी सेना) बता चुके हैं। 29 जनवरी 2017 को आपको एक पत्र लिखकर इसकी जानकारी भी दी गई थी कि एेसा कोई सीक्वेंस फिल्म में नहीं है।
फिल्म देखकर महसूस होगा गर्व
पत्र में लिखा है कि हम आपको विश्वास दिलाते हैं कि इस फिल्म को देखने के बाद पूरा राजपूत समाज फिल्म के साथ साथ गर्व महसूस करेगा।
भंसाली से की गई थी मारपीट
गौरतलब है कि फिल्म के कंटेंट को लेकर करीब साल भर से विवाद चल रहा है। जनवरी 2017 में संजय लीला भंसाली के साथ जयगढ़ के किले में मारपीट भी की गई थी।