संजय लीला भंसाली की फिल्म 'पद्मावती' के भंवर में फंसी हुई है और फिल्म की रिलीज टाल दी गई है। दरअसल विवाद ने तब जोर पकड़ा जब फिल्म का एक गाना रिलीज किया गया। फिल्म में राजस्थानी संस्कृति ले जुड़ा गाना 'घूमर' रिलीज किया गया। गाने को लेकर राजपूत समाज की ओर से आपत्ति दर्ज करवाई गई। अब दूसरी तरफ जिस गाने पर इतना बड़ा बखेड़ा शुरू हो गया, वही शादी समारोहों में जमकर बजाया जा रहा है। उस पर डांस भी हो रहा है और लोग एंजॉय भी कर रहे हैं।
आपत्ति थी कि महारानी कैसे कर सकती है डांस
दरअसल इस गाने में पद्मावती बनी दीपिका पादुकोण घूमर गाने पर डांस करती दिखीं। ऐसे में राजपूत समाज ने आपत्ति दर्ज करवाई। उनका कहना है कि कि महारानी इस तरह खुलेआम डांस नहीं करती थीं। खास तौर पर राजपूत महिलाओं ने भी कहा था कि महारानियां इस तरह 'मुजरा' नहीं करती थी। इसके बाद गाने का विरोध और तेज हो गया।
महिला संगीत में बना है फेवरेट
उधर विरोध जारी है और इधर यह गाना शादी समारोह में जमकर बज रहा है। शादी में दुल्हन की प्रस्तुति हो या फिर सगे संबंधियों की, महिलाओं की प्रस्तुति भी जारी है। खास तौर पर महिला संगीत समारोह में भी इस गाने की धूम देखने को मिल रही है।
इन्होंने सिखाया दीपिका को घूमर
भंसाली ने कोशिश की है कि घूमर के नृत्य को बेहतर तरीके से प्रस्तुत किया जा सके। इसके लिए घूमर अकादमी के सहायक निर्देशक और प्रसिद्ध घूमर विशेषज्ञ ज्योथी डी तोमर ने दीपिका को यह घूमर डांस सिखाया है। इस गाने की कोरियोग्राफी कृति महेश मिडया ने की है।
भंसाली से हो चुकी है मारपीट
फिल्म 'पद्मावती' को लेकर हर रोज एक के बाद एक नए विवाद सामने आए हैं। एक विवाद शांत नहीं होता, तो दूसरा विवाद खड़ा हो जाता है। भंसाली इसे लेकर सफाई भी दे चुके हैं, लेकिन विरोध लगातार जारी है। फिल्म को लेकर विवाद तभी से शुरू हो गया था जब भंसाली राजस्थान की राजधानी जयपुर में शूटिंग कर रहे थे। भंसाली ने जयगढ़ में शूटिंग की, इस दौरान ही उनके साथ मारपीट हो गई थी।