हिमाचल: कुल्लू दशहरा में सोहन लाल की मक्की की रोटी का स्वाद, अंबानी परिवार से अमिताभ बच्चन तक हैं मुरीद
कुल्लू दशहरा उत्सव में सोहन लाल और राधा की मक्की की रोटी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। बिलासपुर के इस दंपती ने वर्ष 1991 में मेले से शुरू किया कारोबार आज प्रदेश के कई बड़े उत्सवों तक पहुंचा दिया है। उनके हाथों के स्वाद का आनंद अंबानी परिवार के साथ अमिताभ बच्चन और रणधीर कपूर भी ले चुके हैं। पढ़ें पूरी खबर...
विस्तार
अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव में इन दिनों सोहन लाल की रसोई में पक रही मक्की की रोटी लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रही है। हिमाचल के पारंपरिक स्वाद को प्रदेश के मेलों तक पहुंचाने वाले बिलासपुर जिले के झंडूता क्षेत्र के नेरी निवासी सोहन लाल और उनकी पत्नी राधा पिछले 36 वर्षों से इस कारोबार को आगे बढ़ा रहे हैं। उनकी मक्की की रोटी और सरसों के साग का स्वाद लोगों को खूब पसंद आ रहा है। इस बार उन्होंने अपने मेन्यू में कोदरे की रोटी भी शामिल की है, जिसकी मांग लगातार बढ़ रही है।
सोहन लाल की मक्की की रोटी के प्रशंसक केवल हिमाचल तक सीमित नहीं हैं। दंपती के अनुसार, देश के प्रमुख उद्योगपति अनिल अंबानी के परिवार ने भी उनके हाथों से तैयार इस पारंपरिक व्यंजन का स्वाद चखा है। इसके अलावा फिल्म अभिनेता अमिताभ बच्चन और रणधीर कपूर भी उनकी मक्की की रोटी के स्वाद का आनंद ले चुके हैं।
सोहन लाल और राधा ने बताया कि वर्ष 2012 में अनिल अंबानी का परिवार रामपुर बुशहर के लवी मेले में पहुंचा था। इस दौरान उन्होंने मेले में लगे सोहन लाल के स्टॉल पर मक्की की रोटी का स्वाद चखा। इसके बाद अनिल अंबानी ने अपनी सिल्वर जुबली के समारोह के लिए दंपती को मुंबई आमंत्रित किया।
कुल्लू दशहरा उत्सव में इस बार सोहन लाल और राधा को एक बात का मलाल भी है। उनका कहना है कि इस बार उत्सव में स्टॉल लगाने के लिए उन्हें पहले के मुकाबले काफी महंगा प्लॉट मिला है। दंपती के अनुसार, वे पहले दशहरा कमेटी से सीधे प्लॉट लेते रहे हैं, लेकिन इस बार ठेकेदार के माध्यम से प्लॉट लेना पड़ा, जिसके चलते खर्च पिछले वर्ष की तुलना में काफी बढ़ गया है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.