यमुनानगर में सोमवार सुबह हुई तेज बारिश ने नगर निगम के जलनिकासी इंतजामों की पोल खोल दी। शहर के मुख्य चौक-चौराहों और कॉलोनियों में बारिश का पानी जमा होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मटका चौक, कमानी चौक, जगाधरी बस स्टैंड रोड, प्रोफेसर कॉलोनी, ताऊ देवी लाल कॉम्प्लेक्स, गणेश नगर और ससौली रोड समेत कई इलाकों में सड़कें जलमग्न हो गईं। जलभराव के कारण कई स्थानों पर यातायात प्रभावित रहा।
2 of 3
जलभराव होने से लोगों के वाहन हुए बंद
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
बर्तन बाजार में सड़क पर पानी जमा होने के कारण वाहन चालकों को गंदे पानी के बीच से गुजरना पड़ा। जगाधरी निवासी संदीप ने बताया कि वह बाइक से बैंक जा रहे थे। बर्तन बाजार से गुजरते समय बाइक में पानी चला गया और वह बंद हो गई। काफी मशक्कत के बाद बाइक को पानी से बाहर निकालना पड़ा। उन्होंने कहा कि बाइक को ठीक कराने में हजारों रुपये का खर्च आ सकता है। हर बार बारिश के दौरान बर्तन बाजार में यही स्थिति बनती है, जिससे बाइक, एक्टिवा और कार चालकों को नुकसान उठाना पड़ता है।
शिवा ने बताया कि बारिश के दौरान बाइक बंद होने से उन्हें काफी परेशानी हुई। वहीं मटका चौक पर जलभराव के कारण सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों को भी पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा। पानी जमा होने से वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पुलिसकर्मियों को मोर्चा संभालना पड़ा।
3 of 3
कई जगह तीन फीट तक भरा पानी
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
गणेश नगर में तीन फीट तक पानी
गणेश नगर में करीब तीन फीट तक पानी जमा होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई। यहां जलभराव के कारण जाम जैसी स्थिति बनी रही। लोगों का कहना है कि बारिश से पहले नालियों और सीवरेज की सफाई नहीं होने के कारण पानी की निकासी नहीं हो पाती। इससे घरों और दुकानों के आसपास भी पानी जमा हो जाता है। लोगों ने निगम से जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था कराने और बरसाती नालों की नियमित सफाई की मांग की।