बहादुरगढ़ के टीकरी बॉर्डर के पास पिछले माह पश्चिम बंगाल की किसान आंदोलनकारी युवती से दुष्कर्म के आरोपियों में से एक अनूप सिंह चानौत ने मंगलवार को अपना एक वीडियो जारी किया। इसमें आरोपी ने माना कि युवती से उनके संगठन से जुड़े अनिल मलिक ने छेड़छाड़ की थी, हालांकि दुष्कर्म होने की बात से उसने इनकार किया। अनिल मलिक का नाम भी युवती के पिता द्वारा बहादुरगढ़ थाने में दर्ज करवाई गई एफआईआर में शामिल है। मंगलवार को अनूप चानौत के चार वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुए। इनमें उसने पुलिस द्वारा बनाए गए छह आरोपियों में से खुद समेत पांच को पूरी तरह निर्दोष कहा है। उसने अनिल मलिक को कई बार दोषी ठहराया है और मलिक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की भी हिमायत की है। उसने बताया है कि अनिल मलिक की गलत हरकतों की वजह से उसने अपने संगठन से मलिक को तुरंत अलग कर दिया था। गौरतलब है कि अनूप सिंह किसान सोशल आर्मी का संस्थापक मुखिया है।
2 of 5
टीकरी बॉर्डर पर युवती से सामूहिक दुष्कर्म
- फोटो : प्रतीकात्मक तस्वीर
आरोपी आंदोलनकारी महिला कविता को भी निर्दोष बताते हुए अनूप ने कहा कि कविता ने युवती की हर स्थिति में मदद की। एक वीडियो में बहुत भावुक होते हुए अनूप ने कहा कि वह अपराधी होता तो अपना बचाव नहीं करता। निर्दोष है इसलिए न्याय के लिए आवाज उठा रहा है। किसान नेता योगेंद्र यादव समेत कई किसान नेताओं के भी सारे मामले से वाकिफ होने की बात अनूप ने मानी है।
3 of 5
जांच करते पुलिसकर्मी।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
एफआईआर में लिखी गई कहानी के अधिकतर तथ्यों को गलत बताते हुए अनूप ने युवती के पिता से कई सवाल किए हैं। उन्होंने कहा कि अपनी बेटी से छेड़छाड़ व दूसरी बातें होने की जानकारी 14 अप्रैल को ही मिल जाने के बावजूद अपनी बेटी को संभालने के लिए वह समय से नहीं आकर 29 अप्रैल को बहादुरगढ़ क्यों आए। दुष्कर्म की कथित वारदात के कई दिन बाद और बेटी की मृत्यु के भी कई दिन बाद ही पुलिस को शिकायत क्यों की।
4 of 5
मामले में योगेंद्र यादव से भी पूछताछ हो चुकी है।
- फोटो : फाइल फोटो
अनूप ने अपने वीडियो में युवती को बार-बार उसके नाम के साथ बहन और उनके पिता को अंकल कहकर संबोधित किया है। यह भी कहा है कि वह चार बहनों का भाई है। इसलिए बहन-बेटियों की इज्जत करना जानता है, तो आंदोलनकारी युवती के साथ कोई भी गलत हरकत कैसे कर सकता है।
5 of 5
आरोपियों के टेंट में की गई थी तोड़फोड़
- फोटो : फाइल फोटो
कृषि कानूनों को निरस्त करने की मांग को लेकर टीकरी बॉर्डर पर किसानों के आंदोलन में 30 अप्रैल को पश्चिम बंगाल की आंदोलनकारी 25 वर्षीय युवती की मौत हो गई थी। अब मृतका के साथ सामूहिक दुष्कर्म की बात सामने आई है। बहादुरगढ़ पुलिस ने दो महिलाओं और चार युवकों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का केस दर्ज किया है।