भिवानी की नई अनाज मंडी में रविवार को आम आदमी पार्टी के करीब चार हजार कार्यकर्ताओं का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। समारोह में प्रदेश भर से पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शिरकत की। इस मौके पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शिरकत की।
One Nation-One Election: केजरीवाल बोले- इससे जनता का क्या लाभ होगा, हमारा मानना है वन नेशन-वन एजुकेशन, वन इलाज
अरविंद केजरीवाल ने 2024 के विधानसभा चुनाव के लिए आह्वान करते हुए कहा कि हरियाणा में हर बूथ पर आम आदमी पार्टी के 10-10 कार्यकर्ताओं की कमेटी बनेगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा में करीब 20 हजार बूथ हैं जिस लिहाज से आने वाले डेढ़ माह बाद 15 अक्तूबर तक प्रदेश में करीब दो लाख कार्यकर्ताओं की फौज तैयार हो जाएगी।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हरियाणा की जनता बदलाव चाहती हैं, इसके लिए कार्यकर्ताओं को सिर्फ मेहनत करने की जरूरत है। हरियाणा में पार्टी की जीत निश्चित है। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आने वाले समय में देश में भाजपा का सफाया भी आम आदमी पार्टी ही करेगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा में मुख्यमंत्री मनोहरलाल को बिजली मुफ्त मिल सकती है तो हरियाणा की जनता को मुफ्त बिजली क्यों नहीं मिलनी चाहिए।
कार्यकर्ता घर-घर जाकर चाय व दूध पीकर गिनाएंगे भाजपा सरकार की नाकामी
अरविंद केजरीवाल ने कार्यकर्ताओं को शपथ दिलाने से पहले उन्हें नसीहत दी कि पार्टी का कार्यकर्ता प्रत्येक घर में जाएगा और वहां बैठकर चाय या दूध पीयेगा। इसी के साथ भाजपा सरकार की नाकामियों को भी गिनाएंगे। यह भी बताएगा कि अरविंद केजरीवाल हरियाणा का छोरा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में आम आदमी ही बदलाव लाएगी।
ये रैली नहीं वालंटियर मीटिंग है : भगवंत मान
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपने शायराना अंदाज में पीएम मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ये रैली नहीं वालंटियर मीटिंग है। उन्होंने दिल्ली और पंजाब का उदाहरण देते हुए कहा कि हम सर्वे में नहीं आते बल्कि सीधे सरकार में ही आते हैं। मान ने हरियाणा सरकार पर भी कटाक्ष करते हुए सरकारी महकमे को निजी हाथों में सौंपने की बात कही। वहीं उन्होंने कहा कि डेढ़ साल में पंजाब में 35 हजार सरकारी नौकरी दी हैं जबकि बड़ी कंपनियां भी पंजाब में आई हैं। उन्होंने कहा कि लोग जब चाहे अर्श से फर्श पर ला सकते हैं। जनता सब जानती है। इसलिए सरकार को अहंकार नहीं करना चाहिए।