गोरखपुर जिले में सहजनवां के सहबाजगंज में घर की चहारदिवारी के भीतर हुए तिहरे हत्याकांड से पहले यहां रिश्तों का कत्ल हुआ। आरोप है कि अवधेश सौतेली बेटी पर बुरी नजर रखता था। उधर, अवधेश की मां का कहना है कि नीलम को उसके दोनों सौतेले बेटे खटकते थे। वह अक्सर बेटी के हिस्से को लेकर बात करती थी। नीलम ने स्वीकार भी किया कि पति को मारने के बाद उसने संपत्ति के लालच में आकर ही दोनों मासूमों को मौत के घाट उतारा। नीलम ने तिहरे हत्याकांड के पीछे भले ही अपनी 12 साल की बेटी की इज्जत को पहली वजह बताया हो, लेकिन घरवालों का कहना है कि वह बेहद लालची किस्म की महिला है। उसकी नजर पहले दिन से ही सिर्फ संपत्ति पर थी। पति से पहली पत्नी के गहने और पांच लाख रुपये मांग रही थी। इसी विवाद में पति घर छोड़कर चला गया था। तब नीलम ने गुमशुदगी भी दर्ज कराई, लेकिन एक सप्ताह पहले अवधेश फिर लौट आया। आने के बाद उसकी हत्या कर दी।
Triple Murder: तिहरे हत्याकांड से पहले हुआ रिश्तों का कत्ल, पिता ने सौतेली बेटी पर रखी थी बुरी नजर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बेटी बोली- पिता को मार रही थीं मां
अवधेश की मां के आरोप पर पहले पुलिस को यकीन नहीं हुआ कि एक महिला तीन लोगों का कत्ल कर सकती है। आसपास के लोगों ने भी किसी के आने की बात नहीं बताई। इस पर पुलिस ने नीलम और उसकी बेटी से अलग-अलग पूछताछ की तो सच सामने आया। नीलम की बेटी ने बताया, वह भाइयों के साथ ही सोई थी। आवाज होने पर उठी तो मां के हाथ में चाकू था। वह पिता को मार रही थीं। इसके बाद पुलिस ने नीलम को बताया कि उसे पूरी घटना पता चल गई है। तब उसने रो-रोकर पुलिस के सामने पूरी घटना को बता दी।
नीलम बोली- मेरे पास कोई रास्ता नहीं था
नीलम ने पुलिस को बताया कि उसके पास कोई रास्ता नहीं था। उसे लगा कि बेटी की इज्जत भी चली जाएगी और उसे संपत्ति में हिस्सा भी नहीं मिलेगा। इसी वजह से उसने ऐसा कदम उठाया। पहले पति की मौत के बाद गृहस्थी बसाने के लिए दूसरी शादी की। सोची थी कि बेटी की परवरिश हो जाएगी। लेकिन, शादी के बाद ऐसा कुछ भी नहीं हुआ। जिस अवधेश को बेटी पिता मानती थी, वही उस पर गलत नजर रखने लगा था। संपत्ति से भी बेदखल करना चाहता था। इस वजह से लगा कि बेटी को न तो परवरिश मिलेगी, न ही संपत्ति। नीलम बोली कि उसे कोई पछतावा नहीं है।
रिश्तेदार ने नीलम से कराई थी शादी
चार भाइयों में सबसे छोटे अवधेश की दूसरी शादी नीलम की ननद के पति ने कराई थी। नीलम की ननद का पति अवधेश का रिश्तेदार है। अवधेश की पत्नी की मौत के बाद उसने नीलम से शादी का प्रस्ताव रखा। नीलम भी शादी के लिए तैयार थी। दोनों परिवारों की सहमति से शादी हो गई।
प्रधानमंत्री आवास में रहता था अवधेश
अवधेश प्रधानमंत्री आवास में रहता था। मकान के अलावा कुछ खेती योग्य जमीन भी उसके पास थी। इस पर ही नीलम की नजर थी। मगर, जिस तरह से नीलम रोकर आरोप लगा रही थी, उससे पुलिस को भी उसकी बातों पर कुछ यकीन हो गया था।
पुलिस के मुताबिक, पति अवधेश शराब पीकर सो रहा था। उसे मारने के बाद ही उसने सौतेले बेटों पर चाकू से गला रेता। बेटे भी सो रहे थे। दोनों बच्चों को मारने के बाद उसने खुद ही पुलिस को फोन भी कर दिया। जब पुलिस पहुंची तो कमरे में खून फैला था। दोनों मासूम तड़प रहे थे। पुलिस अवधेश, आरव और आर्यन को लेकर स्वास्थ्य केंद्र पहुंची। आरव की स्वास्थ्य केंद्र पर ही मौत हो, जबकि अवधेश ने जिला अस्पताल में दम तोड़ा। आर्यन की मेडिकल कॉलेज में पहुंचने के बाद मौत हुई।