पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी और पछुआ हवाओं की वजह से बुधवार इस मौसम का सबसे ठंडा दिन रहा। इस वजह कारण इसे सीजन का पहला कोल्ड डे (शीत दिवस) भी दर्ज किया गया। समूचा दिन धुंध में लिपटा रहा। सूरज आसमान में अंधेरे में जलते दीपक की तरह नजर आ रहे थे।
Gorakhpur Weather: कोहरे के बीच कसमसा रहे सूरज, सर्द हवाओं में कांप रहे गोरखपुरवासी
मौसम विशेषज्ञ कैलाश पांडे ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की वजह से ऊपरी हिमालय पर जमकर बर्फबारी हो रही है। साथ ही पछुआ हवाएं भी चल रहीं हैं, जिसकी वजह से मैदानों में ठंड बढ़ गई है। मंगलवार रात से जो ठिठुरन बढ़ी बुधवार रात तक बरकरार रही। ऊपरी वायुमंडल में छाए कोहरे से पूरे दिन सूरज बाहर नहीं निकल सका। अगले दो दिनों में फिर से एक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है। इसकी वजह से पश्चिमी हिमालय पर फिर बर्फबारी होगी। साथ ही पछुआ हवाएं चलेंगी। ऐसे में न सिर्फ रात बल्कि दिन में भी काफी ठंड महसूस होगी। न्यूनतम तापमान 7 डिग्री तक जा सकता है।
यह होता है कोल्ड-डे
जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से कम और अधिकतम तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री कम हो तो उस दिन को कोल्ड डे माना जाता है।
सड़कों पर जल्द छा गया सन्नाटा
ठंड बढ़ने की वजह से बुधवार सुबह जहां सड़कों-बाजारों में देर से चहल-पहल शुरू हुई, वहीं देर शाम नौ बजे तक ज्यादातर क्षेत्रों में सन्नाटा पसर गया। बाजार, रेस्त्रां, मॉल और खानपान के अड्डों पर ठंड का असर दिखाई पड़ा। लोग जरूरी काम से ही रात को घरों से बाहर निकले और जल्द लौट गए।
पिछले वर्षों में कुछ यूं रहा था दिसंबर में तापमान
वर्ष तारीख अधिकतम न्यूनतम
2021 30 18.6 13
2020 19 15.6 5.1
2019 29 12.4 17.0
2018 28 21.0 4.6
चार घंटे देरी से आई गोरखधाम एक्सप्रेस
कोहरे का प्रभाव कम होने पर बुधवार को गोरखधाम एक्सप्रेस को छोड़कर दिल्ली से आने वाली सभी ट्रेनें समय से पहुंचीं। बठिंडा से चली गोरखधाम एक्सप्रेस चार घंटे देरी से आई। इस ट्रेन में पेंट्रीकार के न होने से सफर करने वाले यात्रियों को नाश्ता-भोजन के लिए तरस जाना पड़ा। उधर, स्टेशन परिसर और प्लेटफार्म पर सर्द हवाओं के चलने से यात्री कांपते रहे। ब्यूरो
ब्लोअर और गीजर की मांग बढ़ी
ठंड बढ़ी तो बुधवार को आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त हो गया। लोग सर्दी से मुकाबले के लिए हीटर, ब्लोअर और गीजर का इंतजाम करने में जुट गए। पूरे दिन इलेक्ट्रिक की दुकानों पर हीटर और ब्लोअर की खरीदारी करते लोग देखे गए।
बाजार में ब्रांडेड के अलावा लोकल आइटम की भी दुकानों पर भीड़ रही। विजय चौक, रेती रोड, घंटाघर, गोलघर, राप्तीनगर, शाहपुर समेत आसपास के बाजार में इलेक्ट्रानिक और बिजली की दुकानों पर लोगों की भीड़ देखी गई। विजय चौक के रूंगटा एजेंसी के निदेशक आनंद रूंगटा ने बताया कि ग्राहक ब्रांडेड आइटम की मांग कर रहे हैं। इलेक्ट्रानिक सामानों में सुरक्षा के साथ अन्य विश्वास इनके साथ रहता है। गीजर और ब्लोअर की मांग अच्छी है।