मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमएमएमयूटी) के आठवें दीक्षांत समारोह में मंगलवार को 11 छात्रों और 11 छात्राओं को कुल 42 स्वर्ण पदक मिले। कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल के हाथों मेडल पाकर होनहार छात्रों के चेहरे खुशी से खिल उठे। मेडल पाने वालों में 19 छात्र-छात्राएं अपने विभाग के टॉपर हैं। इसके साथ ही कार्यक्रम में स्नातक व परास्नातक के 1519 छात्र-छात्राओं को डिग्री प्रदान की गई। इसमें 1119 छात्र और 400 छात्राओं को डिग्री दी गई, तो वहीं 29 शोधार्थियों को उपाधि प्रदान की गई।
एमएमएमयूटी: राज्यपाल के हाथों मेडल पाकर झूम उठे होनहार, 22 टॉपर्स को मिले स्वर्ण पदक
दीक्षांत समारोह शुरू होने से पहले कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने नए प्रशासनिक ब्लॉक के सामने पारिजात का पौधा लगाया। कुलपति प्रो. जेपी पाण्डेय ने भी प्रशासनिक ब्लॉक के दूसरी ओर पारिजात का पौधा लगाया।
बीटेक सिविल इंजीनियरिंग के छात्र संदीप को कुलाधिपति समेत कुल 6 स्वर्ण पदक मिले। वहीं सिविल इंजीनियरिंग की छात्रा वैष्णवी सिंह बीटेक गर्ल्स में ओवरऑल टॉपर बनीं। समारोह में कुल 1519 विद्यार्थियों को उपाधि प्रदान की गई। इसमें बीटेक सिविल इंजीनियरिंग के 181 छात्र, बीटेक कंप्यूटर साइंस के 182 छात्र, बीटेक इलेक्टि्रक के 176 छात्र, बीटेक इलेक्ट्रानिक्स इंजीनियरिंग के 175 छात्र, बीटेक मैकेनिकल इंजीनियरिंग के 167 छात्र, बीटेक केमिकल इंजीनियरिंग के 84, बीटेक आईटी के 85 विद्यार्थी शामिल रहे। जबकि बीबीए के 64, एमटेक के 169, एमबीए के 72, एमसीए के 77, एमएससी भौतिकी के 25, एमएससी रसायन विज्ञान के 25, एमएससी गणित के आठ छात्र शामिल रहे।
दीक्षांत समारोह की शुरुआत सुबह 10 बजे विद्वत पदयात्रा के साथ हुई। विद्वत पदयात्रा में महामहिम, मुख्य अतिथि विशिष्ठ अतिथि, कुलपति, विद्या व प्रबंध बोर्ड के सदस्य एवं आचार्यगण शामिल हुए। राष्ट्रीय गीत गायन के पश्चात कुलाधिपति ने जल संचयन कर जल संरक्षण का संदेश समाज को दिया। कार्यक्रम के दौरान कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने गोल्ड मेडलिस्टों एवं उपाधिधारकों को सत्य बोलने, दायित्व का निर्वहन करने, राष्ट्रहित सर्वोपरि मानने और अनुशासित जीवन जीने के लिए प्रतिज्ञा दिलाई।
कुलाधिपति और कुलपति ने लगाया पारिजात का पौधा
दीक्षांत समारोह शुरू होने से पहले कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने नए प्रशासनिक ब्लॉक के सामने पारिजात का पौधा लगाया। कुलपति प्रो. जेपी पाण्डेय ने भी प्रशासनिक ब्लॉक के दूसरी ओर पारिजात का पौधा लगाया। पिछले साल गवर्नर ने हर्बल वाटिका में पारिजात और उससे पहले रुद्राक्ष का पौधा लगाया था।
प्रवाह व कार्विंग्स का किया लोकार्पण
कुलाधिपति, मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि ने छात्रों की वार्षिक हिंदी पत्रिका ‘प्रवाह’ एवं चित्र पत्रिका ‘कार्विंग्स’ का लोकार्पण किया। कुलाधिपति ने अपने संबोधन के दौरान एमएससी द्वितीय सेमेस्टर की छात्रा निर्जला पटेल की बनाई भ्रूण पर केंद्रीत चित्र पत्रिका की सराहना की।