तमिलानाडु के कुन्नूर में क्रैश हुए सैन्य हेलिकॉप्टर में देवरिया जिले के रुद्रपुर के कंहौली गांव निवासी भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह की सलामती के लिए क्षेत्र के लोग दुआ मांग रहे हैं। बुधवार की शाम को क्षेत्र में शौर्य चक्र विजेता वरुण सिंह के घायल होने की सूचना पर लोग स्तब्ध हो गए। उनकी सलामती के लिए लोगों ने दुग्धेश्वर नाथ मंदिर पर रुद्राभिषेक किया। पंडित शेषनाथ पांडेय के नेतृत्व में लोग जप करने लगे। क्षेत्र के खोरमा, कन्हौली, गाजीपुर भैसही, नगवा, पचमा आदि गांवों में लोग अनुष्ठान करने लगे। गाजीपुर भैसही गांव के मुस्लिमों ने भी कैप्टन वरुण सिंह की सलामती की दुआ मांगी। स्कूलों में छात्रों ने उनके स्वस्थ होने की कामना की।
Captain Varun Singh: कैप्टन वरुण की सलामती के लिए दुआ मांग रहे हैं लोग, मंदिरों में कर रहे हवन
ये हुई थी घटना
भारतीय वायु सेना का एमआई-17V5 हेलिकॉप्टर बुधवार को तमिलनाडु के कुन्नूर में क्रैश हो गया था। इस हादसे में सीडीएस जनरल बिपिन रावत और उनकी पत्नी मधुलिका रावत समेत 13 लोगों का निधन हो गया। हालांकि, भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह एक मात्र जवान जो इस हादसे में बच गए हैं। हालांकि वह गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज जारी है।
प्रो दिव्यारानी सिंह के चचेरे भाई हैं वरुण
ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह गोरखपुर विश्वविद्यालय में गृह विज्ञान की विभागाध्यक्ष प्रो दिव्यारानी सिंह के चचेरे भाई हैं। प्रो. दिव्यारानी बताती हैं कि वरुण से परिवार का मान-सम्मान बढ़ा है। शौर्य चक्र मिलने के बाद क्षेत्र के लोगों का सीना चौड़ा हो गया। सब गर्व से वरुण की शौर्यगाथा सुनाते हैं। ग्रुप कैप्टन वरुण की पढ़ाई चंडीगढ़ से हुई है। वह शुरू से मेधावी व बहादुर रहे हैं। भीषण हादसे की खबर सुनकर परिवार के लोग घबरा गए थे। इस बीच अस्पताल में भर्ती होने की खबर आ गई। अब परिवार के लोग वरुण के सकुशल घर आने की प्रार्थना कर रहे हैं। अस्पताल में वरुण के संग उनकी पत्नी गीतांजलि हैं।