कपिल शर्मा के फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी है। टेलीविजन की दुनिया में अपनी जबरदस्त कॉमिक टाइमिंग से सनसनी मचाने वाले कपिल शर्मा जल्द ही टीवी पर वापसी करने जा रहे हैं। खबरों की मानें तो इसके लिए कपिल ने खास ट्रेनिंग लेना भी शुरु कर दिया है और वह ठीक 2 महीने बाद टीवी शो में वापसी करेंगे।
बीते काफी दिनों से कपिल शर्मा की खराब तबीयत की खबरें आ रही थीं। वहीं कपिल के एयरपोर्ट की तस्वीर उनके फैंस के लिए किसी बड़े झटके से कम नहीं थी। ऐसे में कपिल के दोबारा शो में वापसी की खबर उनके फैंस के लिए तोहफे से कम नहीं है। कपिल की टीवी पर वापसी की खबर का खुलासा डीएनए ने अपनी रिपोर्ट में किया है।
रिपोर्ट के मुताबिक कपिल के करीबी सूत्र ने कहा - 'कपिल ने अपनी जिंदगी को दोबारा पटरी पर लाने का ठान लिया है। कपिल न केवल अपना लाइफस्टाइल बदलना चाहते हैं बल्कि फिट भी होना चाहते हैं। खुद के लिए जल्द ही ट्रेनर रखने वाले हैं। कपिल अपने शो के लिए आइडिया पर काम कर रहे हैं और 2 महीने के अंदर दोबारा टीवी पर वापसी करने की तैयारी कर रहे हैं।'
आपको बता दें, कपिल शर्मा का शो 'फैमिली टाइम विद कपिल शर्मा' इस साल अप्रैल से ऑफ एयर हो गया था। शो के ऑफ एयर होने के बाद से ही कपिल को लेकर कई तरह की खबरें आ रही थीं। कहा जा रहा था कि कपिल शर्मा डिप्रेशन में हैं। इसके बाद कपिल की पत्रकार से गाली गलौच की बात सामने आई थी। इस बीच कपिल शर्मा की कई तस्वीर सामने आई थी जिसमें कपिल मोटे और बीमार नजर आ रहे थे।
वहीं कुछ दिन पहले कपिल की अपने करीबी दोस्त चीकू के साथ की तस्वीर भी आई थी। जिसमें वह एयरपोर्ट की तस्वीरों की तुलना में ज्यादा बीमार लग रहे थे। फिलहाल यह देखना होगा कि कपिल 'फैमिली टाइम विद कपिल शर्मा' शो से ही वापसी करते हैं या फिर इस बार वह कोई और शो लेकर आएंगे।