छोटे परदे पर हुनर और हौसले का सबसे बड़ा मुकाबला होने वाला है। एक तरफ टैलेंट बेस्ट शो ‘हुनरबाज देश की शान’ का फिनाले आज और कल होगा, तो वहीं इंडियाज गॉट टैलेंट का फिनाले कल यानी 17 अप्रैल को होने वाला है। दोनों ही शो प्रतिभाशाली लोगों को अपने कौशल का प्रदर्शन करने के लिए एक भव्य मंच प्रदान करते हैं। देश के हर कोने से आए लोगों ने अपने हुनर का प्रदर्शन कर फिनाले में अपनी जगह पक्की कर ली है। अब सभी के बीच मुकाबला देखने को मिलेगा और पता चलेगा कि जनता ने किसे वोटों के जरिए अपना प्यार दिया है। आइए जानते हैं किसकी, किससे जंग होने वाली है।
Grand Finale: छोटे परदे पर हुनर और हौसले के सबसे बड़े मुकाबलों का काउंटडाउन शुरू, जानिए किसकी, किससे होगी जंग
हारमनी ऑफ द पाइंस
'हुनरबाज' को मिथुन चक्रवर्ती, करण जौहर और परिणिती चोपड़ा जज कर रहे हैं। हिमाचल प्रदेश पुलिस की आर्केस्ट्र टीम 'हारमनी ऑफ द पाइंस' ग्रैंड फिनाले में पहुंच चुकी है। इस ग्रुप में 15 लोग शामिल हैं, जिसमें 13 पुरुष और दो महिलाएं हैं। टीम के कैप्टन सब इंस्पेक्टर विजय कुमार हैं। वहीं टीम में एएसआइ ठाकुर दास, हेड कांस्टेबल नरेश कुमार, राजेश कुमार, सिपाही कार्तिक शर्मा, दिलीप शर्मा, हितेश भारद्वाज, प्रशांत, मनमोहन शर्मा, आशीष कुमार, कमल कुमार, कृतिका तन्वर, कशिश शांडिल, दीपिका ठाकुर और मंजीत सिंह शामिल हैं।
अनिर्बान रॉय
अनिर्बान रॉय कोलकाता के रहने वाले हैं। शो में अनिर्बान बांसुरी बजाते हैं। उन्होंने 11 साल की उम्र में ही काफी लोकप्रियता हासिल कर ली है। वह भारत के सबसे प्रशंसित बाल बांसुरीवादक कलाकारों में से एक हैं। अनिर्बान की बांसुरी की धुन मिथुन चक्रवर्ती को ऑडिशन राउंड में ही इतनी पसंद आई थी कि उन्होंने तो अनिर्बान को 'उस्ताद अनिर्बान' कहना शुरू कर दिया है।
सुब्रत और संचिता
सुब्रत और संचिता दोनों गोमा, वेस्ट बंगाल के रहने वाले हैं। दोनों एरोबेटिक कंटेंपरेरी करते हैं, जिसे देखकर हर कोई हैरान रह जाता है। दोनों का इस शो में आने का एक ही सपना है। दरअसल, सुब्रत ने बचपन में ही पढ़ना छोड़ दिया था और अब वह अपनी पढ़ाई पूरी करना चाहता है। सुब्रत की मां मछली बेचती हैं और पिता की तबीयत खराब रहती है। ऐसे में सुब्रत ने अपनी मां का हाथ बंटाने के लिए बचपन में ही पढ़ाई छोड़कर काम करना शुरू कर दिया था।
आकाश सिंह
आकाश सिंह शो में ऐसे कंटेस्टेंट हैं, जिन्हें परिणिती चोपड़ा अपना भाई मानती हैं। वह बिहार से मुंबई आए तो सबसे पहले अपनी भूख से लड़ाई की। ना ही आकाश के पास पैसे थे और ना रहने के लिए घर। वह एक शो का हिस्सा बनने मुंबई आए, लेकिन बात बनी नहीं और वह मुंबई की सड़कों पर ही सोने लगे। काफी संघर्ष के बाद अब उन्हें अपने हुनर को दिखाने के लिए एक मंच मिला है। वहीं, ये एक ऐसा ग्रुप है, जिसमें नौ से 23 साल की लड़कियां हिप हॉप करती हैं। ये सभी मुंबई की रहने वाली हैं। इस ग्रुप की कोरियोग्राफर रोहित जाधव और स्पाइडी शिरगांवकर हैं।