पूर्व विश्व सुंदरी युक्ता मुखी 39 साल की हो गई हैं। युक्ता मुखी ने साल 1999 में मिस इंडिया का खिताब जीता था। इसके बाद उन्होंने इसी साल विश्व सुंदरी का खिताब अपने नाम किया। युक्ता का जन्म 1979 में बेंगलुरु के एक सिंधी परिवार में हुआ था लेकिन उनकी परवरिश दुबई में हुई। साल 1986 में युक्ता की फैमिली मुंबई लौट आई थी।
मुंबई आकर युक्ता की मां ने सांता क्रूज में एक ग्रूमिंग सैलून खोल लिया, वहीं उनके पिता कपड़े की एक कंपनी में मैनेजिंग डायरेक्टर बन गए। मिस वर्ल्ड का खिताब जीतने के बाद युक्ता के लिए बॉलीवुड के दरवाजे अपनेआप खुल गए। साल 2002 में उनकी पहली फिल्म 'प्यासा' रिलीज हुई। जिसमें युक्ता के साथ आफताब शिवदासानी थे।
युक्ता मुखी की लंबाई 6.1 फीट है। माना जाता है युक्ता की लंबाई ही बॉलीवुड में उनकी असफलता की वजह बनी। कई फिल्में करने के बाद भी युक्ता का करियर ज्यादा ऊंचाईयों तक नहीं पहुंच पाया। धीरे-धीरे उन्हें फिल्में मिलना पूरी तरह बंद हो गया। करियर में कुछ खास ना होता देख युक्ता मुखी ने 2008 में न्यूयॉर्क बेस्ड बिजनेसमैन प्रिंस तुली से शादी कर ली।
युक्ता मुखी की शादी के 5 साल बाद साल 2013 में एक ऐसी खबर आई जिसे सुनकर पहली बार तो यकीन ही नहीं हुआ। युक्ता मुखी ने अपने पति प्रिंस तुली के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। मुंबई के अंबोली पुलिस स्टेशन में दर्ज इस एफआईआर में उन्होंने अपने पति पर दहेज प्रताड़ना और अप्राकृतिक सेक्स जैसे गंभीर आरोप लगाए।
एक इंटरव्यू में युक्ता मुखी ने कहा था कि उनका पति उन्हें जानवरों की तरह पीटता था। उसकी फैमिली नहीं चाहती थी कि वो फिल्मों में काम करें। मामला कोर्ट तक पहुंचा और जून 2014 में दोनों ने आपसी सहमति से तलाक ले लिया। युक्ता मुखी का एक बेटा है जिसकी कस्टडी युक्ता के पास ही है।