देशभर में इन दिनों विवेक अग्निहोत्री की फिल्म द कश्मीर फाइल्स की चर्चा जोरों शोरों पर है। एक तरफ जहां फिल्म हर रोज नए रिकॉर्ड कायम कर रही है, तो वहीं दूसरी तरफ रोजाना इसे लेकर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं और बयान सामने आ रहे हैं। इसी क्रम में अब हाल ही में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के महासचिव सीताराम येचुरी ने सोमवार को इस फिल्म पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि हाल ही में रिलीज हुई फिल्म द कश्मीर फाइल्स देश की सामाजिक एकता और अखंडता को बहुत नुकसान पहुंचा सकती है।
2 of 5
द कश्मीर फाइल्स
- फोटो : सोशल मीडिया
कश्मीरी पंडितों पर हुए अत्याचार और पाकिस्तान समर्थित आतंकवादियों के कारण हुए उनके पलायन पर आधारित यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर काफी अच्छा प्रदर्शन कर रही है। हालांकि कई विरोधियों ने फिल्म के निर्माताओं पर इसकी कहानी को तैयार करने के तरीके में सांप्रदायिकता का प्रदर्शन करने का आरोप लगाया है। 23वें माकपा महाराष्ट्र राज्य सम्मेलन में मीडिया से बातचीत करते हुए यह येचुरी ने कहा कि उनकी पार्टी ने सबसे पहले 1990 में कश्मीरी पंडितों की दुर्दशा के बारे में बात की थी। उस समय उनके विधायक ने कश्मीर विधानसभा में जम्मू और कश्मीर के इस मुद्दे को उठाया था।
3 of 5
द कश्मीर फाइल्स
- फोटो : सोशल मीडिया
उन्होंने कहा कि कश्मीर के लोगों ने कश्मीरी पंडितों की संपत्तियों को संरक्षित किया। इस दौरान श्रीनगर पुलिस द्वारा दिए गए एक आईटीआई जवाब का हवाला देते हुए ही यह येचुरी ने बताया कि 1990 से अब तक 89 कश्मीरी पंडितों की हत्या कर दी गई। जबकि अन्य धर्मों के लोगों के लिए यह आंकड़ा 1635 था। माकपा सचिव ने आगे कहा कि कश्मीर फाइल्स ऐसी स्थिति पैदा करने की कोशिश कर रही है, जो देश की सामाजिक एकता और अखंडता को भारी नुकसान पहुंचा सकती है।
4 of 5
द कश्मीर फाइल्स
- फोटो : Instagram
गौरतलब है कि यह फिल्म बीते कई समय से देश भर में दिन- प्रतिदिन लोकप्रिय होती जा रही है। फिल्म हर रोज कमाई के नए रिकॉर्ड बनाती जा रही है। यही वजह है कि अब इस फिल्म को कोरोना काल की ब्लॉकबस्टर फिल्म कहा जा रहा है। ऐसे में फिल्म की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए देश के कई राज्यों में इस फिल्म को टैक्स फ्री भी कर दिया गया है। इन राज्यों में मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, गुजरात, हरियाणा, त्रिपुरा, गोवा आदि शामिल हैं।
5 of 5
द कश्मीर फाइल्स
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
फिल्म की बात करें तो द कश्मीर फाइल्स देशभर में 11 मार्च को रिलीज की गई थी। फिल्ममेकर विवेक रंजन अग्निहोत्री के निर्देशन में बनी यह फिल्म 1990 के दशक में कश्मीर में हुए नरसंहार और कश्मीरी पंडितों के पलायन पर आधारित है। फिल्म की स्टार कास्ट की बात करें तो इस ब्लॉकबस्टर फिल्म में अभिनेता अनुपम खेर, मिथुन चक्रवर्ती, पल्लवी जोशी, दर्शन कुमार, मृणाल कुलकर्णी जैसे कलाकार नजर आए हैं।