तेलुगु फिल्म एक्टर सम्राट रेड्डी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया है। ये शिकायत किसी और ने नहीं बल्कि साम्राट रेड्डी की पत्नी हर्षिता रेड्डी ने की है। शिकायत के बाद माधापुर पुलिस ने यह मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने बताया कि सम्राट रेड्डी पर कुछ समय से पत्नी हर्षिता रेड्डी को प्रताड़ित करने का आरोप है। इससे पहले सम्राट के खिलाफ घरेलु हिंसा और दहेज प्रताड़ना के मामले भी दर्ज हैं और अब पत्नी के मकान में चोरी की कोशिश का मामला दर्ज किया गया है।
आपको बता दें कि दोनों की शादी दो साल पहले हुई थी। लेकिन बार-बार हो रहे झगड़े के कारण पिछले कुछ समय से दोनों अलग-अलग रह रहे हैं। इससे पहले सम्राट के खिलाफ राजेंद्रनगर थाने में धारा 498/ए के तहत एक मामला दर्ज है। अब उनके खिलाफ माधापुर स्थित हर्षिता के घर में चोरी की कोशिश करने का आरोप लगा है।
सम्राट की पत्नी हर्षिता रेड्डी ने पुलिस में साम्राट के चोरी छिपे उसके घर में घुसने और सीसी टीवी कैमरे तोड़ कर अलमारी में रखे गहने और कीमती सामान चुरा ले जाने की शिकायत की है। शिकायत के बाद पुलिस ने सम्राट को गिरफ्तार कर लिया है। साम्राट ने तेलुगु फिल्म तकिटा तकिटा, बावा, देनिकैना रेडी जैसी फिल्मों में काम किया।