फिल्म निर्माता विनोथराज पीएस के निर्देशन में बनी तमिल फिल्म "कूझंगल" ("कंकड़") को 94वें अकादमी पुरस्कार यानी ऑस्कर अवॉर्ड के लिए भारत की ओर से आधिकारिक एंट्री के रूप में चुना गया है। फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया (FFI) के महासचिव सुप्राण सेन ने समाचार एजेंसी को बताया कि इस साल ऑस्कर के लिए भारत की ओर से 'कूझंगल' को भेजा जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि निर्माता शाजी एन करुण की अध्यक्षता में 15 सदस्यीय जूरी ने इस फिल्म सर्वसम्मति से चुना था।
साल 2021 के लिए ऑस्कर अवॉर्ड्स इवेंट 27 मार्च, 2022 को लॉस एंजिल्स में आयोजित किया जाएगा। जबकि इसके लिए नामांकन की घोषणा 8 फरवरी, 2022 को की जाएगी। इससे पहले यह फिल्म साल के शुरुआत में नीदरलैंड में हुए 50वें अंतर्राष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल रॉटरडैम में टाइगर अवॉर्ड भी जीत चुकी है। फिल्म के प्रोड्यूसर नयनतारा और विग्नेश शिवन हैं जबकि इसका म्यूजिक युवान शंकर राजा ने कंपोज किया है।
2 of 5
फिल्म "कूझंगल"
- फोटो : सोशल मीडिया
‘कूझंगल’ एक शराबी पिता और उसके बेटे के रिश्ते पर आधारित फिल्म है। फिल्म में मायके चली गई पत्नी को वापस लाने के लिए पिता के साथ की गई बेटे की यात्रा दिखाई गई है। खास बात यह है कि ये कहानी फिल्म के डायरेक्टर विनोथराज के परिवार में हुई एक असल घटना से प्रेरित है।
3 of 5
फिल्म 'कूझंगल'
- फोटो : सोशल मीडिया
इस बार ऑस्कर अवॉर्ड में भेजने के लिए मलयालम फीचर "नयाट्टू",तमिल फिल्म "मंडेला", शूजीत सरकार की "सरदार उधम", विद्या बालन-स्टारर "शेरनी", फरहान अख्तर की "तूफान", कप्तान विक्रम बत्रा की बायोपिक "शेरशाह" सहित कुल 14 फिल्में शॉर्टलिस्ट की गई थी।
4 of 5
फिल्म 'कूझंगल'
- फोटो : सोशल मीडिया
इन 14 फिल्मों में पंकज त्रिपाठी की ‘कागज’, मराठी फिल्म ‘आटा वेल ज़ाली’, ‘करखानिसांची वारी’ और ‘गोदावरी’, असमिया फिल्म ब्रिज, गुजराती फिल्म ‘छेलो शो’ और गोजरी फिल्म ‘लैला और सत्गीत’ भी शामिल थी। वहीं, 2021 के ऑस्कर के लिए भारत की ओर से लिजो जोस पेलिसरी द्वारा निर्देशित मलयालम फीचर "जल्लीकट्टू" को भेजा गया था।
5 of 5
लगान
- फोटो : सोशल मीडिया
अभी तक किसी भी भारतीय फिल्म ने ऑस्कर नहीं जीता है। आखिरी बार 2001 में आई आशुतोष गोवारिकर की आमिर खान-स्टारर "लगान" ने सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय फीचर श्रेणी में अंतिम पांच में जगह बनाई थी। इसके अलावा शीर्ष पांच में जगह बनाने वाली अन्य दो भारतीय फिल्मों में "मदर इंडिया" (1958) और "सलाम बॉम्बे" (1989) शामिल हैं।