'बिग बॉस सीजन 12' में श्रीसंथ सुरभि राणा की लड़ाई ने जबरदस्त सुर्खियां बटोरी। एक दूसरे को अपशब्द कहने से लेकर धक्का देने तक दोनों पूरे सीजन में एक दूसरे के साथ लड़ते हुए ही दिखाई दिए। अब लगता ही बिग बॉस 12 से शुरू हुई दोनों की लड़ाई आगे भी जारी रहने वाली है।
बिग बॉस 12 से निकलते ही जहां एक तरफ श्रीसंथ ने सुरभि राणा पर जमकर हमला बोला तो वहीं अब सुरभि ने भी अपनी प्रतिक्रिया दे दी है। सुरभि ने कहा है- श्रीसंथ अभी भी बिग बॉस में ही हैं, मैं इससे बाहर निकल चुकी हूं। मैं उनका सम्मान करती हूं। बिग बॉस में सभी कंटेस्टेंट के साथ कुछ न कुछ ऐसा हुआ, जिसे नहीं दिखाया गया। श्रीसंथ ने भी कुछ चीजें ऐसी कीं, जिन पर बात होना चाहिए।
सुरभि ने आगे कहा- उन्होंने मुझे काफी दुख दिया, मेरी भी फैमिली है। कोई आपके कैरेक्टर पर सवाल उठाएगा तो मैं बोलूंगी। मैं ये नहीं कह रही कि मैं हर जगह सही हूं, मैंने कई ऐसी चीजें की, जो गलत थीं लेकिन मैंने उन्हें सुधारने की कोशिश की। किसी को भी ये बताने की जरूरत नहीं है कि एक औरत को कैसे व्यवहार करना चाहिए। ये मुझे बहुत अच्छे से आता है। मैं श्रीसंथ से कहना चाहती हूं कि वे अपनी जिंदगी देखें और आगे बढ़ें।
बता दें एक इंटरव्यू में श्रीसंथ ने कहा था कि सुरभि राणा का व्यवहार घर में हद से ज्यादा खराब था। कुछ नियम बिग बॉस द्वारा घर के कंटेस्टेंट के लिए तय थे जिनका उल्लंघन नहीं होना चाहिए था। शो के दौरान सुरभि ने दीपिका का गला इतनी जोर से पकड़ा कि वह गिर गई थीं। यह सब नहीं दिखाया गया। इतना ही नहीं सुरभि ने ऐसा ही कुछ सृष्टि रोडे के साथ भी किया था।
'बिग बॉस' फिनाले के बाद श्रीसंथ अपने परिवार और कंटेस्टेंट के साथ पार्टी करते हुए नजर आए। फिनाले खत्म होते ही दीपक को 3 बड़े बजट की फिल्मों के अलावा रियलिटी शो 'खतरों के खिलाड़ी' के अगले सीजन के लिए साइन कर लिया गया है। खैर बिग बॉस सीजन 12 शो भले ही खत्म हो गया है, लेकिन यह शो लगातार सुर्खियों में छाया बना हुआ है। अब देखना ये है कि शो से बाहर आए घरवालों और क्या नए खुलासे करते हैं।