सलमान खान की फिल्म 'रेस 3' में गाना गाने वाले सिंगर पर रेप का मामला दर्ज हुआ है। इवेंट मैनेजमेंट से जुड़ी एक लड़की ने पंजाबी पॉप सिंगर अमन दीप सिंह पर रेप का केस दर्ज कराया है। लड़की का आरोप है कि अमन दीप ने उसे नौकरी दिलाने का झांसा दिया और शादी करने का प्रस्ताव रखा। शिकायत के बाद दिल्ली के महरौली पुलिस स्टेशन में केस दर्ज कर लिया गया है।
लड़की का आरोप है कि अमन दीप सिंह ने उससे एक फाइव स्टार होटल में इवेंट के दौरान मुलाकात की थी। कुछ ही मिनट की इस मुलाकात के बाद अमन दीप ने उसे अपने पंजाबी एल्बम में काम देने का वादा किया। इसी दौरान अमन दीप और लड़की ने एक दूसरे को अपने नंबर दिए।
अमन दीप ने कई मुलाकातों के बाद शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। बाद में लड़की को पता चला कि वो तो पहले से ही शादीशुदा है। लड़की ने जब इस बारे में अमन दीप से बात करनी चाही तो उसने लड़की और उसकी मां दोनों के नंबर ब्लॉक कर दिए। लड़की ने मिलने की भी कई बार कोशिश की लेकिन वो कामयाब नहीं हो पाई
लड़की के परिवार का आरोप है कि पुलिस में शिकायत दर्ज होने के बाद अमन दीप ने लड़की का करियर खत्म करने की धमकी दी। दिल्ली के महरौली पुलिस स्टेशन में अमन दीप सिंह के खिलाफ रेप का केस दर्ज किया गया है लेकिन अमन दीप ने साकेत कोर्ट से अग्रिम जमानत ले ली है। अब मामले की अगली सुनवाई शनिवार को होगी।
लड़की की मां ने बताया कि अमन दीप की धमकियों से परिवार डरा हुआ है और उन लोगों को लगातार धमकियां मिल रही हैं। उसने उनकी बेटी को शादी का झांसा देकर गलत काम किया जबकि वो पहले से ही शादीशुदा था। बता दें कि अमन दीप सिंह ने हाल ही में 'रेस 3' के लिए गाना गाया है। उसने हनी सिंह के साथ भी काम किया है।