छोटे परदे केे सबसे चर्चित और विवादित रियलिटी शो बिग बॉस के सीजन 12 का आगाज हो गया है। मंगलवार को शो के होस्ट सलमान खान ने बिग बॉस 12 को गोवा में लॉन्च किया। यह शो 16 सितंबर से कलर्स टीवी चैनल पर प्रसारित किया जाएगा। खास बात यह है कि सलमान खान लगातार बिग बॉस को 9वीं बार होस्ट करेंगे। गोवा मेें शो के लॉन्चिंग के दौरान सलमान खान ने मीडिया से बात की और बिग बॉस से जुड़ी कुछ रोचक बातों के खुलासे भी किए हैं।
सलमान खान ने बिग बॉस से जुड़े कंटेस्टेंट के बारे में बात करते हुए बताया कि किस तरह से वह शो में मौजूद कंटेस्टेंट के लिए इमोशनल हो जाते है। साथ ही सलमान खान ने यह भी बताया है कि जब बिग बॉस के घर में मौजूद कंटेस्टेंट शो का सम्मान नहीं करते हैं तो उन्हें गुस्सा भी बहुत आता है। मीडिया से बातचीत के दौरान सलमान खान ने बिग बॉस शो को लेकर शाहरुख खान से जुड़ी कुछ खास बातों का भी खुलासा किया है।
बॉलीवुड के दबंग खान ने बताया कि उनसे पहले बिग बॉस को होस्ट करने के लिए शाहरुख खान से संपर्क किया गया था। सलमान खान ने कहा कि बिग बॉस के होस्ट करने में वह पहली पसंद नहीं थे। शो के मेकर्स ने उनसे पहले शाहरुख खान से संपर्क साधा, लेकिन उस समय कंधे में चोट की वजह शाहरुख शूट करने की स्थिति में नहीं थे। इसके बाद बिग बॉस को करने का मौका सलमान खान को मिला। इसके लिए सलमान खान शाहरुख को धन्यवाद भी करते हैं।
गौरतलब है कि शाहरुख खान और सलमान खान की दोस्ती लंबी खटास के बाद फिर से अच्छे रास्ते पर चल रही है। यह दोनों स्टार कई बार सार्वजनिक मंच पर एक-दूसरे को खुलकर सपोर्ट करते दिखे हैं। शाहरुख खान ने जहां पहले सलमान खान की फिल्म 'ट्यूबलाइट' में कैमियो किया था, वहीं अब भाईजान भी उनकी अपकमिंग फिल्म 'जीरो' में कैमियो करते नजर आएंगे। बीते दिनों 'जीरो' का टीजर रिलीज हुआ था। जिसमें सलमान और शाहरुख साथ दिखाई दिए थे।
वहीं बात करें बिग बॉस के सीजन 12 की तो बीते दिनों सलमान खान ने बिग बॉस सीजन 12 के दो प्रोमो रिलीज किए हैं। इन दिनों को सलमान के फैंस और शो के दर्शकों ने काफी पसंद किया है। प्रोमो में सलमान खान क्लास लेते हुए नजर आ रहे हैं। क्लास में कई सारे लोग मौजूद है जो कि जोड़ियों में नजर आ रहे हैं। वीडियो में सलमान खान जोड़ियों से बात करते हुए नजर आ रहे हैं और सबकी क्लास ले रहे हैं। क्लास में मौजूद जोड़ियां सास-बहु, बहन-बहन और दोस्तों की नजर आ रही हैं।