बॉलीवुड के दिवंगत अभिनेता ऋषि कपूर का आज 69वां जन्मदिवस है। ऋषि कपूर का पिछले साल कैंसर के कारण निधन हो गया था। आज उनके जन्मदिन के मौके पर सभी उन्हें याद कर रहे हैं। उनकी बेटी रिद्धिमा कपूर सहानी ने एक तस्वीर साझा कर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी है।इस तस्वीर में ऋषि कपूर बढ़ी हुई दाढ़ी में नजर आ रहे हैं वहीं छोटी सी रिद्धिमा भी उनकी गोद में दिख रही हैं।
रिद्धिमा कपूर ने दी पिता को जन्मदिन की बधाई
इस तस्वीर को साझा करते हुए रिद्धिमा ने लिखा, 'हाय पापा, हमने हर दिन आपको मनाया है। हम आपको याद करते हैं और आपसे प्यार करते हैं। आप स्वर्ग के सबसे चमकदार सितारे हैं। आपको जन्मदिन की बधाई, हमेशा फॉरेवर मुश्क'। अब रिद्धिमा के इस प्यारे से पोस्ट पर सेलेब्स से लेकर फैंस तक सभी प्यार बरसा रहे हैं।
बता दें कि ऋषि कपूर के जन्मदिन के एक दिन पहले भी रिद्धिमा ने एक बेहद ही प्यारी तस्वीर अपनी इंस्टाग्राम की स्टोरी पर पोस्ट की थी।रिद्धिमा हमेशा से अपने पिता की लाडली थीं। रणबीर जहां ऋषि से थोड़ा दूर रहते थे वो वहीं रिद्धिमा अपने पिता के हमेशा करीब रहीं। पिछले साल उनके जन्मदिन के मौके पर रिद्धिमा ने बहुत ही भावुक नोट साझा किया था। रिद्धिमा ने लिखा था, 'पापा लोग कहते हैं कि जब कोई चला जाता है तो आप उनके बिना रह नहीं पाते, आपका दिल टूट जाता है लेकिन मुझे पता पापा कि आप इस टूटे दिल में रहते हैं'।
गौरतलब है कि रिद्धिमा कपूर अपने पिता के अंतिम दर्शन नहीं कर पाईं थीं। दरअसल जब ऋषि कपूर का निधन हुआ तो उस वक्त रिद्धिमा मुंबई में मौजूद नहीं थीं। आलिया भट्ट ने फोन से ऋषि कपूर के पूरे अंतिम संस्कार को रिद्धिमा को दिखाया था। लॉकडाउन के चलते रिद्धिमा को अपने घर पहुंचने में देर हो गई थी। वो आगे के कार्यक्रम में शामिल हुई थीं।
बता दें कि ऋषि कपूर का पिछले साल 29 अप्रैल को कैंसर के कारण निधन हो गया था। उनका न्यूयॉर्क में दो साल तक इलाज चला था। आखिरी समय में ऋषि कपूर को मुंबई के एचएन रिलायंस अस्पताल में भर्ती करवाया गया था जहां उन्होंने अंतिम सांस ली थी। उनके अंतिम संस्कार में बॉलीवुड के कई सितारे शामिल हुए थे।
आज भले ही ऋषि कपूर हमारे बीच नहीं हैं लेकिन उनकी यादें सभी के दिलों में जिंदा हैं। ऋषि कपूर ने 'कर्ज', 'हम किसी से कम नहीं', 'अमर अकबर एंथोनी', 'सरगम', 'बॉबी', 'दीवाना' जैसी फिल्मों में धमाल मचा दिया था। वहीं सपोर्टिंग रोल में उन्होंने 'हम तुम', 'नमस्ते लंदन', 'अग्निपथ' जैसी कई हिट फिल्में भी की थी।