मारबत उत्सव: नागपुर में आयोजित महोत्सव में जैकी श्रॉफ हुए शामिल; कहा- 'दुनिया को इसके बारे में पता होना चाहिए'
Marbat Festival: नागपुर में भव्य स्तर पर आयोजित मारबत महोत्सव में फिल्मी तड़का भी देखने को मिला। अभिनेता जैकी श्रॉफ और फिल्म निर्माता-निर्देशक सुभाष घई ने शिरकत की।
विस्तार
नागपुर में बीते दिन ऐतिहासिक मारबत महोत्सव का आयोजन हुआ। उत्सव में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शिरकत की। उनके अलावा बॉलीवुड अभिनेता जैकी श्रॉफ और सुभाष घई भी शामिल हुए। जैकी श्रॉफ ने आयोजन की भव्यता देख खुशी जताई और कहा कि इसकी खबर पूरी दुनिया को होनी चाहिए।
जैकी श्रॉफ बोले- 'पूरी दुनिया को इसे देखना चाहिए'
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, अभिनेता जैकी श्रॉफ ने नागपुर में हुए मारबत महोत्सव में शामिल होते हुए कहा, 'यह बहुत अच्छा प्रोग्राम है। पूरी दुनिया को इस प्रोग्राम के बारे में पता होना चाहिए। दुनिया में हर किसी को ऐसा प्रोग्राम देखना चाहिए। सिर्फ यहीं नहीं। हर किसी को इसे देखना चाहिए'।
मारबत महोत्सव 145 साल पुरानी अनोखी परंपरा है। नागपुर का मारबत उत्सव एक अनूठी सांस्कृतिक और ऐतिहासिक परंपरा है, जो हर साल पोला त्योहार के दूसरे दिन नागपुर में बड़े धूमधाम से मनाई जाती है। मारबत उत्सव हर साल भाद्रपद महीने में मनाया जाता है।
#WATCH Nagpur, Maharashtra: Actor Jackie Shroff said, "This is a very good program; the entire world should know about this program. Everyone in the whole world should watch such a program, not just here—everyone should see it." (11.09) https://t.co/Zwbwv1qgRv pic.twitter.com/KjVvbmQovW
— ANI (@ANI) September 12, 2026
मारबत उत्सव में क्या होता है?
नागपुर के मारबत महोत्सव में बांस, कपड़े और कागज से बने बड़े-बड़े पुतलों (मारबत और बडग्या) की विशाल शोभायात्रा निकाली जाती है। इसमें भारी भीड़ उमड़ती है। नागपुर की गलियों में कई किलोमीटर का जुलूस निकलता है। इन पुतलों को नकारात्मकता का प्रतीक माना जाता है। शोभायात्रा के बाद बुराइयों व नकारात्मकता के प्रतीक इन पुतलों का दहन किया जाता है। यह उत्सव बुराई पर अच्छाई की जीत और शहर से नकारात्मकता को दूर करने का संदेश देता है।