पोंगल वीक में दो सुपरस्टार की फिल्में रिलीज हुई हैं। पहली रजनीकांत की 'पेट्टा' और दूसरी अजित की 'विश्वासम'। दोनों ही सुपरस्टार्स का एक दूसरे से तगड़ा मुकाबला होने वाला है। हालांकि पहले दिन के कलेक्शन के बाद ही साफ हो पाएगा कि किस फिल्म ने ओपनिंग डे पर बाजी मारी है।
सबसे पहले बात करते हैं अजित कुमार की फिल्म 'विश्वासम' की। सोशल मीडिया पर अजित कुमार का जबरदस्त क्रेज देखने को मिला। फिल्म रिलीज से पहले ही एडवांस बुकिंग को लेकर चर्चा में रही। 'विश्वासम' में अजित कुमार के साथ लीड रोल में साउथ की सुपरस्टार एक्ट्रेस नयनतारा हैं। अजित कुमार को थाला (Thala) के नाम से भी पहचाना जाता है जो कि ट्विटर पर फिल्म रिलीज होने के बाद से ही ट्रेंडिंग में बना हुआ है। उम्मीद जताई जा रही है कि फिल्म को पहले दिन अच्छा कलेक्शन मिलेगा।
अब बात करते हैं रजनीकांत स्टारर फिल्म पेट्टा की। पेट्टा रजनीकांत की उन फिल्मों में गिनी जा सकती है जिसे लेकर काफी कम बज दिखाई दे रहा। बात अगर कमाई की जाए तो रजनीकांत की फिल्में उनके नाम से ही अच्छा खासा कलेक्शन जुटाने में कामयाब रहती हैं। इस फिल्म को 5 में से 3 स्टार्स दिए हैं।
पेट्टा को तीन भाषाओं (तमिल, तेलुगू और हिंदी) में रिलीज किया गया है। फिल्म में नवाजुद्दीन सिद्दीकी, तृषा, बॉबी सिम्हा, विजय सेतुपथी, सिमरन बग्गा लीड रोल में हैं। रजनीकांत की इस फिल्म को फेस्टिव वीक का फायदा मिलने की पूरी उम्मीद जताई जा रही है। पेट्टा एक गैंगस्टर ड्रामा मूवी है। फिल्म को कार्तिक सुब्बाराज ने डायरेक्ट किया है।
रजनीकांत की पेट्टा की बॉक्स ऑफिस पर सीधी टक्कर अजित कुमार की फिल्म ‘विश्वासम’ से हुई है ऐसे में फैंस को ये तय करना पड़ेगा कि वो किसकी फिल्म देखना चाहते हैं। कलेक्शन सामने आने के बाद ही ये बात साफ हो पाएगी कि बॉक्स ऑफिस पर इस बार किस सुपरस्टार ने अपना कब्जा जमाया है।