दिलजीत दोसांझ: लंदन के वेम्बली से सिंगर ने सुनाई खुशखबरी, भारत में इस जगह करेंगे अगला कॉन्सर्ट
Diljit Dosanjh Concert: सिंगर दिलजीत दोसांझ का हालिया कॉन्सर्ट लंदन के वेम्बली में हुआ और अब उन्होंने वहीं से ही अपने अगले शो को ऐलान कर दिया है, जो भारत में होने वाला है। पढ़िए उनका यह कॉन्सर्ट कब और कहां होगा।
विस्तार
शो के दौरान ही दिलजीत ने अपने अगले कॉन्सर्ट का भी ऐलान कर दिया, जिसे सुनकर उनके भारतीय फैंस खुशी से झुम उठे। दरअसल, घोषणा करते हुए सिंगर ने बताया कि लंदन के बाद अब वह अगला कॉन्सर्ट भारत के अहमदाबाद शहर में करने वाले हैं।
वेम्बली स्टेडियम में कॉन्सर्ट करते हुए दिलजीत दोसांझ ने दुनिया के सबसे बड़े स्टेडियम यानी अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम का जिक्र किया। दिलजीत ने बातचीत के दौरान वहां हुए कोल्डप्ले के हाउसफुल कॉन्सर्ट को भी याद किया।
सिंगर ने कहा, 'भारत का सबसे बड़ा स्टेडियम नरेंद्र मोदी स्टेडियम है। एक विदेशी ग्रुप ने वहां पूरा स्टेडियम हाउसफुल कर दिया था। उनके लिए सम्मान और बहुत-बहुत बधाई। लेकिन भारत के अपने स्टेडियम में पंजाबी परचम न लहराए, ऐसा तो मुमकिन ही नहीं है।'
कब होगा दिलजीत का कॉन्सर्ट?
इसके बाद दिलजीत ने बिना देरी किए अहमदाबाद कॉन्सर्ट की तारीख भी कन्फर्म कर दी। उन्होंने दर्शकों से कहा, 'हम 21 नवंबर, 2026 को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में परफॉर्म करेंगे।'
बता दें कि यह कॉन्सर्ट 2024 के दिल-लुमिनाटी इंडिया टूर के बाद अहमदाबाद में उनकी वापसी होगी। नवंबर में होने वाले इस शो के टिकट, कीमत और बुकिंग से जुड़ी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
दिलजीत दोसांझ ने शनिवार को लंदन के वेम्बली स्टेडियम में परफॉर्म करके नया इतिहास रच दिया। दरअसल, वहां के मैदान पर सिंगर मेन हेडलाइनर के तौर पर शो करने वाले दुनिया के पहले पंजाबी सिंगर बन गए हैं।
शो की शुरुआत दिलजीत ने अपने मशहूर डायलॉग ‘पंजाबी आ गए वेम्बली ओए!’ के साथ की और कहा कि ये सिर्फ एक कॉन्सर्ट नहीं है, बल्कि ये पल हमेशा के लिए इतिहास के पन्नों में दर्ज होने जा रहा है।
- 90 हजार लोगों की क्षमता वाले इस स्टेडियम में दिलजीत का कॉन्सर्ट दो घंटे से ज्यादा चला।
- यहां उन्होंने 'जीओएटी', 'लवर', 'हस हस' और 'बॉर्न टू शाइन' जैसे गाने गाकर महफिल लूट ली।
- दिलजीत ने दर्शकों से बातचीत भी की और बच्चों के साथ-साथ एक बुजुर्ग महिला को भी स्टेज पर बुलाया।
- कॉन्सर्ट का अंत 'मैं हूं पंजाबी' गाने और आतिशबाजी के साथ हुआ।
ये भी पढ़ें-सैफ अली खान: क्यों फ्लॉप हुई थी अक्षय-सैफ और करीना स्टारर ‘टशन’? 18 साल बाद अभिनेता ने बताया कहां रह गई थी कमी