सुपरस्टार रजनीकांत और अक्षय कुमार की मोस्ट अवेटेड फिल्म '2.0' का दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। फिल्म की रिलीज डेट को निर्माताओं ने कई बार बदला है। अब जाकर फिल्म मेकर्स किसी तारीख पर सहमत हो पाए हैं।
इसके बावजूद फिल्म '2.0' की मुसीबत कम होती नहीं दिख रही है। दरअसल, लाइका प्रोडक्शन रजनीकांत की आने वाली दूसरी फिल्म 'काला' की वजह से अब इसे 27 अप्रैल को रिलीज नहीं करेगी क्योंकि इसी दिन 'काला' रिलीज होगी।
फिल्म के निर्देशक शंकर अब रात दिन एक करके '2.0' को एडिट करने में जुटे हैं। हाल में आई कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रोड्यूसर्स इस फिल्म को स्वतंत्रता दिवस या दीवाली 2018 में रिलीज करने वाले हैं लेकिन अब फिल्म की रिलीज डेट का खुलासा हुआ है।
बॉलीवुड लाइफ के मुताबिक, मेकर्स ने दीवाली 2018 में फिल्म रिलीज करने के बारे में सोचा है लेकिन अब इसमें एक मुसीबत यह है कि इसी दिन आमिर खान और अमिताभ बच्चन की 'ठग्स ऑफ हिंदोस्तान' रिलीज हो रही है इसे लेकर मेकर्स असमंजस की स्थिति में हैं।
लाइका प्रोडक्शन बिल्कुल भी नहीं चाहता कि 'ठग्स ऑफ हिंदोस्तान' के साथ '2.0' रिलीज हो, क्योंकि इससे दोनों ही फिल्मों को नुकसान उठाना पड़ सकता है। सूत्रों के मुताबिक आमिर अपनी फिल्म की रिलीज डेट को आगे बढ़ाने के बिल्कुल मूड में नहीं हैं। प्रोड्यूसर्स ने आमिर से इस बारे में बात भी की लेकिन उनके हाथ निराशा ही लगी। अब देखना है कि '2.0' के प्रोड्यूसर फिल्म रिलीज का क्या फैसला लेते हैं।