80 के दशक में राज बब्बर बॉलीवुड का वह चमकता सितारा थे जिसकी एक झलक पाने के लिए लड़कियां दीवानी थी। राज बब्बर ने 38 साल के करियर में अपनी फिल्मों से न केवल लोगों का मनोरंजन किया बल्कि आज की तारीख में वह फेमस राजनेता भी हैं। राज बब्बर 23 जून को अपना जन्मदिन मनाते हैं तो चलिए इस मौके पर हम आपको राज बब्बर से जुड़ी 10 रोचक बातें बताते हैं।
फिल्मों में आने से पहले राज बब्बर ने स्ट्रीट थियेटर से एक्टिंग की ट्रेनिंग ली थी। इसके बाद राज बब्बर दिल्ली से मुंबई शिफ्ट हो गए। राज बब्बर ने अपने करियर की शुरुआत उस वक्त की टॉप एक्ट्रेस रीना रॉय के साथ की थी।
फिल्म 'इंसाफ का तराजू' में राज बब्बर ने एक बलात्कारी का किरदार निभाया था। इस रोल ने ही राज बब्बर को बॉलीवुड में पहचान दिलाई और फिर उन्होंने कभी भी पीछे मुड़कर नहीं देखा। इस फिल्म में राज को जीनत अमान के साथ रेप सीन करना था जिसकी वजह से वह काफी घबरा गए थे। राज बब्बर इस बात को लेकर डरे हुए थे कि वो नए हैं और जीनत अमान इतनी बड़ी हीरोइन।
'इंसाफ का तराजू' फिल्म के बाद राज बब्बर बी आर चोपड़ा के मानों फेवरेट एक्टर बन गए थे। उन्होंने लगभग अपनी सारी फिल्मों में राज बब्बर को काम देना शुरू कर दिया था। राज ऐसे हीरो थे जो विलेन से लेकर हीरो सभी किरदारों में आसानी से अपने आप को फिट कर लेते थे।
राज बब्बर फिल्मों के अलावा अपने निजी रिश्तों के लिए भी काफी चर्चा में रहे। जब राज बब्बर स्ट्रगल कर रहे थे तभी उन्हें नादिरा से प्यार हो गया जिसके बाद दोनों ने 1975 में शादी कर ली थी।