बॉलीवुड प्रोड्यूसर करीम मोरानी ने आज खुद को हैदराबाद की रचकोंडा पुलिस के समक्ष सरेंडर कर दिया है। उनपर दिल्ली की एक युवती से मुंबई और हैदराबाद में कई अवसरों पर रेप करने का आरोप है। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने भी उन्हें अग्रिम जमानत देने से इंकार कर दिया है।
रा-वन और चेन्नई एक्सप्रेस के प्रोड्यूसर रह चुके हैं
मोरानी फिल्म दामिनी, राजा हिंदुस्तानी, रा-वन और चेन्नई एक्सप्रेस के प्रोड्यूसर रह चुके हैं। रचकोंडा पुलिस ने 25 वर्षीय पीड़िता की शिकायत पर मोरानी के खिलाफ केस दर्ज किया। बता दें कि मोरानी सिनेयुग प्रोडक्शन के संस्थापक है और शाहरुख खान के बहुत करीबी दोस्त भी हैं।
पीड़िता बिजनेस मैनेजमेंट की छात्रा है
पीड़िता बिजनेस मैनेजमेंट की छात्रा है। युवती ने कहा कि मोरानी ने कई अवसरों पर मौका पाकर उसके साथ संबंध बनाए। मोरानी ने फिल्म में काम देने के चलते और शादी करने का झूठा वादा कर लड़की को संबंध बनाने पर मजबूर किया था।
कई धाराओं में चलेगा मुकदमा
मोरानी को रेप के मामले में आज कोर्ट में पेश किया जाएगा। मोरानी पर आईपीसी की धारा 417(धोखेबाजी), 376 (रेप), 342 ( गलत इरादे से फंसाना), 506 (आपराधिक धमकी) और 493( शादी का झूठा वादा करने) के तहत मुकदमा चलेगा।
पीड़िता ने बताई आपबीती
'पीड़िता ने बताया कि मोरानी ने सबसे पहले जुलाई 2015 में मुंबई में उसके साथ संबंध बनाए। पीड़िता ने कहा कि 'मुझे समझ नहीं आ रहा था कि मेरे साथ क्या हो रहा था और में इस पर क्या प्रतिक्रिया दूं, इसके बाद में बहुत टूट चुकी थी और किसी से इस बारे में कोई बात नहीं कर पा रही थी।'