फिल्मों से लेकर टेलीविजन और ओटीटी तक अपनी अदाकारी से पहचान बनाने वाली अभिनेत्री नीना गुप्ता को किसी भी परिचय की जरूरत नहीं है। अपनी अदाकारी के हुनर के कारण देशभर में उनके फैंस मौजूद हैं। नीना गुप्ता के करियर के साथ-साथ उनकी लव लाइफ भी अक्सर सुर्खियों में रही है। बेबाक अंदाज के लिए पहचानी जाने वाली नीना के अपने फैंस से कभी अपनी निजी जिंदगी को छिपाने का भी प्रयास नहीं किया। बिना शादी के बच्चा पैदा करना हो या उम्र के तीसरे पड़ाव में पहुंचकर शादी करना हो, नीना ने अपने दोनों रिश्तों को दुनिया के सामने खुलकर अपनाया। नीना के दोनों ही रिश्तों ने लोगों को चौंका दिया था। अपनी जिंदगी में बहुत बुरे-बुरे दौर से गुजरने और आधी उम्र बीत जाने के बाद उन्हें विवेक मेहरा के रूप में सच्चा प्यार मिला। आज यानी 16 जुलाई को नीना और विवेक अपनी शादी की 14वीं सालगिरह मना रहे हैं। इस खास मौके पर हम आपको दोनों की लव स्टोरी बताने जा रहे हैं।
Neena Gupta Vivek Mehra: फ्लाइट में मोहब्बत और करीबी की शादी में प्रपोज, कतई फिल्मी है नीना गुप्ता की प्रेम कहानी
विवियन के प्यार में पागल थीं नीना
वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के खिलाड़ी विवियन रिचर्ड्स से नीना का रिश्ता जगजाहिर है। दोनों के बीच इश्क कुछ इस कदर था कि अभिनेत्री को पता होते हुए भी कि विवियन उनसे शादी नहीं कर पाएंगे, उन्हें अपने रिश्ते को आगे बढ़ाया। इसका नतीजा यह हुआ कि नीना बिन ब्याही मां बन गई। नीना ने विवियन की बेटी को अपने प्यार की निशानी मानकर जन्म दिया और उसका नाम मसाबा गुप्ता रखा। इसके बाद भी विवियन ने नीना से शादी नहीं की और इसकी वजह से उन्हें आगे बहुत सारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। तमाम मुश्किलें झेलने के बाद भी नीना शादी नहीं करना चाहती थीं। लेकिन उन्हें नहीं पता था कि जिंदगी के ऐसे ही किसी मोड़ पर उन्हें विवेक टकरा जाएंगे।
यूं हुई दोनों की मुलाकात
विवियन से रिश्ता टूटने के बाद नीना के जीवन में जो अकेलापन आया था, उसे भरने के लिए भगवान ने उनकी जिंदगी में विवेक मेहरा को भेजा। दोनों की मुलाकात साल 2002 में एक फ्लाइट में हुई थी। नीना और विवेक दोनों ही लंदन से अपने वतन लौट रहे थे और एक महिला के सीट एक्सचेंज करने के कारण विवेक नीना के साइड में आकर बैठ गए थे। फ्लाइट में दोनों की बातचीत हुई, जिसके बाद नीना और विवेक की अच्छी दोस्ती हो गई थी। पहली मुलाकात में ही विवेक के मन में नीना के लिए कुछ हो गया था। लेकिन विवेक नीना को बताने में हिचक रहे थे कि वह अपनी पत्नी से अलग होने वाले थे।
लंबे समय तक की डेटिंग
दोस्ती के बाद नीना और विवेक का रिश्ता आगे बढ़ा और कब प्यार में बदल गया दोनों को ही पता नहीं चला। छह साल तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद दोनों ने विवेक के तलाक लेने के बाद शादी करने का फैसला किया। साल 2008 में नीना अपने एक रिश्तेदार के घर अमेरिका में शादी में गई थीं। लेकिन उन्हें नहीं पता था कि दूसरे की शादी में जाना उनके लिए उनकी शादी की नींव रख देगा। इसी ट्रिप पर विवेक ने नीना को प्रपोज किया और दोनों वहीं शादी के बंधन में बंध गए। पेशे से चार्टर्ड अकाउंट विवेक ने पहले से ही सब कुछ प्लान कर रखा था, उन्हें बस नीना की हां का इंतजार था।
सम्मान के लिए की नीना ने शादी
42 साल की उम्र में शादी करने से पहले नीना ने अपनी बेटी मसाबा गुप्ता को इस बारे को बताना सही समझा क्योंकि वह अपनी बेटी से बेइंतहा प्यार करती हैं। शादी करने का नीना का फैसला सुनकर मसाबा गुप्ता हैरान रह गई थीं। पता लगने के बाद मसाबा ने अपनी मां से ऐसा करने का वजह पूछी थी। इसपर नीना ने उन्हें समझाया था कि जिस समाज में हम रहते हैं वहां सम्मान पाने के लिए शादी करना जरूरी है। इतना ही नहीं नीना ने साफ कर दिया था कि अगर विवेक उनकी बेटी मसाबा को पसंद नहीं करते तो वह उनसे कभी शादी नहीं करती। आज यह तीनों एक-दूसरे के साथ एक खुशहाल जिंदगी बिता रहे हैं।