महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के मुखिया राज ठाकरे और एक्टर नाना पाटेकर आमने-सामने आ गए हैं। मुंबई में राज ठाकरे फेरीवालों को जगह देने के खिलाफ है, तो नाना फेरीवालों के साथ खड़े हैं। जिसके बाद शनिवार को राज ठाकरे ने नाना पाटेकर को धमकी दे डाली।
राज ठाकरे ने नाना पाटेकर को कहा कि अगर आपको पूरा मुद्दा नहीं पता तो बीच में न पड़े, हमें क्या करना है ये सिखाने वाले आप कोई नहीं।
दरअसल, बीते दिनों मुंबई के मलाड़ में फेरीवालों को हटाने गए मनसे कार्यकर्ताओं की जमकर पिटाई हुई थी। जिसका मनसे कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध किया था। यह मामला अभी थमा भी नहीं था इसी बीच फेरीवालों के समर्थन में फिल्म अभिनेता नाना पाटेकर भी कूद पड़े।
एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने कहा कि मुझे लगता नहीं फेरीवालों की कोई गलती है। वे लोग अपने पेट भरने के लिए लिए काम करते हैं। आप उन्हें रोटी नहीं दे सकते, इसमें आपकी गलती है।
इसके जवाब में मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने कहा कि नाना अच्छे एक्टर हैं लेकिन उन्हें उस बारे में कुछ नहीं बताना चाहिए, जिसकी उन्हें जानकारी न हो। यदि उन्हें लगता है कि फेरीवालों का ध्यान रखना सरकार का काम है तो उन्होंने अपना फाउंडेशन क्यों शुरू किया?