ऐसा लग रहा है टीवी की 'नागिन' मौनी रॉय के सितारे इन दिनों बुलंदियों पर हैं। टीवी के बाद अब जल्द ही वो बॉलीवुड में डेब्यू करने को तैयार हैं। इसके अलावा अब उन्हें एक और फिल्म का ऑफर मिला है।
हाल ही में जॉन अब्राहम अपनी नई फिल्म ‘परमाणु-द स्टोरी ऑफ पोखरण’ से बॉक्स पर धमाल मचा चुके है। अब जॉन अपनी नई फिल्म रॉ (रोमियो अकबर वॉल्टर) की शूटिंग जल्द ही शुरू करने वाले है। बताया जा रहा है फिल्म की हीरोइन की तलाश पूरी हो चुकी है।
फिल्मफेयर के मुताबिक फिल्म के लिए कई हीरोइनों के नाम सामने आए लेकिन मेकर्स की पहली पसंद मौनी रॉय ही बताई जा रही हैं। बता दें कि जॉन अब्राहम से पहले यह फिल्म पहले सुशांत सिंह राजपूत को मिलने वाली थी, लेकिन बात कुछ बनी नहीं तो कुछ ही दिन में सुशांत का पत्ता इस फिल्म से साफ हो गया।
बात की जाए मौनी की तो अगर वह यह फिल्म करती हैं तो यह उनकी तीसरी बॉलीवुड फिल्म होगी। इससे पहले मौनी अक्षय कुमार की फिल्म ‘गोल्ड’ से अपना बॉलीवुड डेब्यू करने वाली हैं। यह फिल्म इस साल 15 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी हालांकि कई जगह ये भी रिपोर्ट्स आ रही थी कि ‘गोल्ड’की रिलीज डेट टल सकती है।
फिल्म की रिलीज से पहले ही मौनी को दूसरी बॉलीवुड फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र‘ मिल चुकी है और कुछ महीने पहले ही वह बुल्गारिया से इस फिल्म के पहले शेड्यूल की शूटिंग करके भारत लौटी हैं। बता दें कि इस फिल्म में रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और अमिताभ बच्चन मुख्य भूमिका में है।