राज कपूर की पत्नी कृष्णा राज कपूर का 87 की उम्र में आज सुबह यानी सोमवार को 5 बजे निधन हो गया । उनको कार्डियक अरेस्ट आया था । इस खबर को कृष्णा के बेटे रणधीर कपूर ने कंफर्म किया । पिछले एक महीने से उन्हें सांस लेने में समस्या हो रही थी । कृष्णा के निधन से पूरे बॉलीवुड में शोक की लहर है ।
87 की उम्र में भी इतनी खूबसूरत दिखने वाली कृष्णा के पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार आज शाम 5.30 बजे चेम्बूर में होगा । कुछ ही देर पहले रणधीर कपूर, बबिता कपूर, नीतू कपूर और आदर जैन कृष्णा के चेंबूर स्थित घर में पहुंच चुके हैं ।
कृष्णा के पूरे परिवार के चेहरे पर दुख साफ देखा जा सकता है । कृष्णा की बेटी रीमा जैन तो फूट-फूटकर रोती दिखाई दीं । रणबीर कपूर और करीना कपूर के भी चेम्बूर पहुंचने की उम्मीद है । करिश्मा फ्यूनरल के लिए पहुंच चुकी हैं । फिलहाल रणबीर अपने पिता ऋषि और मां नीतू के साथ अमेरिका में हैं ।
ऋषि कपूर ने दो दिन पहले ही एक ट्वीट करके बताया था कि वो इलाज के लिए अमेरिका जा रहे हैं । उम्मीद की जा रही है कि अपनी दादी के फ्यूनरल में रणबीर जरूर शामिल होंगे । कृष्णा के निधन पर अनुपम खेर, मधुर भंडारकर, रिदिमा कपूर, सुहेल सेठ, रवीना टंडन और सोहा अली खान ने ट्वीट कर दुख जताया है ।
काजोल, अनिल कपूर और संजय कपूर भी मौके पर नजर आए । बता दें कि कृष्णा ने 1946 में राज कपूर से शादी की थी । उनका असल नाम कृष्णा मल्होत्रा था और वो राज कपूर की कजिन लगती थीं । कृष्णा के पिता पृथ्वीराज कपूर के कजिन थे । कृष्णा का परिवार रीवा में रहता था ।