देश के सबसे अमीर बिजनेसमैन मुकेश अंबानी की बेटी ईशा अंबानी और आनंद पीरामल की प्री-वेडिंग पार्टी उदयपुर में आज से शुरू हो गई है। 8 दिसंबर यानी आज ईशा का संगीत कार्यक्रम रखा गया है। अंबानी परिवार की इस शादी में शामिल होने के लिए देश-विदेश की बड़ी हस्तियां उदयपुर पहुंच चुकी हैं।
इस रॉयल प्री वेडिंग की रस्मों में शामिल होने के लिए शनिवार को एयरपोर्ट पर कई बॉलीवुड हस्तियों को स्पॉट किया गया। सलमान खान, कटरीना कैफ, करण जौहर, ऐश्वर्या राय बच्चन, अभिषेक बच्चन, करिश्मा कपूर समेत कई सितारे ईशा अंबानी के संगीत कार्यक्रम का हिस्सा बनने उदयपुर पहुंच चुके हैं।
इनके अलावा अमेरिका की पूर्व फर्स्ट लेडी हिलेरी क्लिंटन भी शनिवार को दोपहर में उदयपुर पहुंचीं। न्यूली वेड प्रियंका चोपड़ा-निक जोनस, जॅान अब्राहम से लेकर सचिन तेंडुलकर जैसे बड़े-बड़े सिलेब्रिटीज इस वक्त उदयपुर में हैं। ईशा अंबानी की संगीत सेरेमनी में इंटरनेशनल सिंगिंग सेंसेशन बियोंसे भी हिस्सा लेने के लिए उदयपुर पहुंच चुकी हैं।
बियोंसे की टीम आज दोपहर में ही उदयपुर पहुंच गई थी। बियोंसे अपने हिट ट्रेक सिंगल लेडीज, ड्रंक इन लव, टेलीफोन, स्वीट ड्रीम आदि पर ईशा के संगीत में परफॉर्म करेंगी। बियोंसे के अवाला इस समारोह में बॉलीवुड से प्रियंका चोपड़ा के अलावा करण जौहर भी परफॉर्म करेंगे। इसके साथ ही बताया जा रहा है कि शाहरुख खान इस इवेंट को होस्ट करेंगे। बेटी के प्री वेडिंग इवेंट में मुकेश अंबानी ईशा अंबानी के साथ डांस करते भी दिखाई देने वाले हैं।
इतना ही नहीं खबरों की मानें तो इस संगीत सेरेमनी में ऑस्कर विनर एआर रहमान और फेमस बॉलीवुड सिंगर अरिजीत सिंह भी परफॉर्मेंस देंगे। अरिजीत ईशा और उनके होने वाले पति आनंद पिरामल के लिए मस्त मगन, राब्ता, कबीरा जैसे रोमांटिक गाने गाएंगे। उदयपुर के मशहूर लेक पिचोला के किनारे पर स्थित 50 एकड़ में फैले होटल 'द ओबरॉय उदयविलास' में ईशा की प्री-वेडिंग सेरेमनी रखी गई है।