जेल से रिहा होने का बाद संजय दत्त इन दिनों काफी ज्यादा व्यस्त हैं। संजय दत्त के पास एक से एक बड़ी फिल्मों के ऑफर हैं लेकिन संजू बाबा हैं कि फिल्मों से ज्यादा वह उसकी स्क्रिप्ट पर ध्यान दे रहे हैं। इसलिए तो वह एक के बाद एक फिल्मों को ना कहते जा रहे हैं।
सुपरस्टार संजय दत्त ने मुन्नाभाई सीरीज से सबको हंसी-ठहाकों की सौगात दी थी। फिल्म के दोनों हिस्से काफी पसंद किए गए थे। इसके बाद खबर आई थी कि अपनी कॉमेडी इमेज को बरकरार रखते हुए संजय दत्त ने मल्टी-स्टारर कॉमेडी फिल्म 'ब्लॉकबस्टर' के लिए करार किया है। आपको बता दें कि जेल से रिहा होने के बाद संजय 'भूमि' में नजर आए थे लेकिन फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कमाल नहीं दिखा पाई थी।
लेकिन खबर हैं कि संजू बाबा ने करण जौहर की फिल्म को ना कहने के बाद 'ब्लॉकबस्टर' में काम करने से भी इंकार कर दिया है। जीहां संजय दत्त ने 'ब्लॉकबस्टर' को टाटा बोल दिया है। आपको बता दें कि संजय दत्त के ऐसा करने के पीछे वजह माधुरी दीक्षित नहीं बल्कि कुछ और है। संजय दत्त उम्र के इस पड़ाव में किसी भी तरह का कोई रिस्क लेना नहीं चाहते है और स्क्रिप्ट को लेकर कोई गलती नहीं करना चाहते हैं।
भूमि के फ्लॉप होने के बाद संजय दत्त फिल्में बहुत सोच समझ कर चुन रहे हैं। आपको बता दें कि संजय दत्त का नाम करण जौहर की फिल्म के लिए भी लगभग तय माना जा रहा था लेकिन फिल्म में माधुरी दीक्षित की एंट्री होते ही उन्होंने फिल्म को रिजेक्ट कर दिया।
जेल से सजा काटने के बाद पिछले साल बॉलीवुड में अपनी दूसरी पारी शुरू करने वाले संजय दत्त की अब तक सिर्फ एक फिल्म बड़े परदे पर आई है और ऐलान आधा दर्जन फिल्मों का हो चुका है। अब देखना यह होगा कि संजय दत्त कितनी जल्दी स्क्रीन पर अपने फैंस को एंटरटेन करते नजर आएंगे।