फिल्म मेकर फराह खान ने बॉलीवुड में 'मैं हूं ना' और 'ओम शांति ओम' जैसी सुपरहिट फिल्में दी हैं । साल 2014 के बाद से उन्होंने अभी तक कोई भी फिल्म नहीं बनाई है । हाल ही में फराह खान ने एक इंटरव्यू में अपने करियर और पर्सनल लाइफ के बारे में बताया ।
फराह के पिता कमरान भी प्रोड्यूसर थे। उनके बारे में बात करते हुए फराह खान ने बताया कि जब पिता का निधन हुआ था तब उनके पास एक भी पैसे नहीं थे, क्योंकि उनकी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप हो गई थी। फराह का मानना है कि फिल्म रिलीज होने के बाद उससे जुड़े हर शख्स को पैसा मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा, 'एग्जिबिटर्स और थियेटर मालिकों को मुझे अवॉर्ड देना चाहिए कि मेरी फिल्मों से हर कोई कमाई करता है। मुझे लगता है कि फिल्म मेकर के तौर पर मेरे लिए यह जरूरी है। मेरे पिता प्रोड्यूसर थे और जब उनका निधन हुआ था तो उनके पास एक भी पैसा नहीं था क्योंकि उनकी फिल्म फ्लॉप हो गई थी।'
#MeToo पर पहली बार खुलकर बोलीं फराह खान, भाई साजिद पर लगे आरोपों पर भी दिया करारा जवाब
'मुझे हमेशा लगता है कि फिल्म मेकर के तौर पर यह सुनिश्चित करना मेरी जिम्मेदारी है कि जब मेरी फिल्म रिलीज हो तो उससे हर शख्स कमाई करे, फिर वो समोसे वाला हो या थियेटर मालिक।' इसी इंटरव्यू में फराह खान ने भाई पर लगे यौन शोषण के आरोपों पर प्रतिक्रिया दी ।
फराह खान ने अपने बयान में कहा- 'मैं हमेशा इस मुद्दे के प्रति संवेदनशील रहती हूं। मेरा मुद्दा सिर्फ पांखड फैलाने वाले कुछ लोग थे, जिनसे मैं परेशान हो रही थी। मेरा वो मुद्दा नहीं था कि किसने और कौन सी लड़की ने सामने आकर आरोप लगाए, लेकिन जो लोग समाज के उद्धारकर्ता होने का दावा करते हैं, उन्हें अभियान के दौरान सभी अभियुक्तों के लिए समान व्यवहार करना चाहिए था।'