70 और 80 के दशक में अपनी एक्टिंग से दर्शकों का दिल जीतने वाले धर्मेंद्र और हेमा मालिनी ने 2 मई को शादी के 38 साल पूरे किए। ये जोड़ी पहले जितनी खूबसूरत लगती थी आज भी उतनी ही लगती है। लंबे समय बाद धर्मेंद्र और हेमा मालिनी एक साथ मुंबई एयरपोर्ट पर नजर आए।
इससे पहले धर्मेंद्र और हेमा मालिनी को करीब एक साल पहले एक साथ डायरेक्टर अनिल शर्मा की फिल्म 'जीनियस' के मुहूर्त पर देखा गया था। यही नहीं धर्मेंद्र और हेमा मालिनी जल्द ही फिल्म 'मैं तेरा आशिक' में साथ दिखेंगे। इस फिल्म से स्नेहा उलाल भी लंबे समय बाद वापसी करने वाली हैं। इसके अलावा धर्मेंद्र की फिल्म 'यमला, पगला दीवाना फिर से' इसी साल रिलीज होगी।
धर्मेंद्र और हेमा की लव स्टोरी की बात करें तो धर्मेंद्र ने अपनी पहली शादी के बाद बॉलीवुड में कदम रखा था। इसके बाद फिल्मोंं में काम करते हुए उनकी मुलाकात हेमा मालिनी से हुई और देखते ही देखते दोनों एक-दूसरे के प्यार में पड़ गए। ड्रीम गर्ल हेमा मालिनी उस वक्त बड़ी एक्ट्रेस में से एक थीं। उस समय हेमा से बॉलीवुड के जितेंद्र और संजीव कुमार जैसे कई स्टार्स शादी करना चाहते थे लेकिन हेमा तो अपना दिल धर्मेंद्र को दे बैठी थीं।
हेमा मालिनी के साथ आई धर्मेंद्र की ज्यादातर फिल्में सुपरहिट ही रही हैं। इन दोनों ने 'सीता और गीता', 'शोले', 'ड्रीम गर्ल', 'चरस', 'प्रतिज्ञा' और 'राजा जानी' जैसी कई शानदार फिल्में की। धर्मेंद्र और हेमा की जोड़ी को दर्शकों ने खूब पसंद किया।
हेमा मालिनी से शादी करने के बाद धर्मेंद्र ने अपनी पहली बीवी और बच्चों की जिम्मेदारी भी साथ ही उठाई और उनके साथ भी बराबरी का ही रिश्ता रखा। धर्मेंद्र आज भी अपने पहली पत्नी प्रकाश कौर के साथ बच्चों सनी और बॉबी के बेहद करीब हैं।