लंबे विवाद के बाद रिलीज हुई
'पद्मावत' ने भले ही 4 दिन में 100 करोड़ से ज्यादा कमाई कर ली हो। अमेरिका में सभी शो
हाउसफुल चल रहे हों, लेकिन बंपर कमाई के मामले में 'पद्मावत' अभी भी बाहुबली 2 के सामने बौनी है। विरोध और बवाल ने संजय लीला भंसाली को तगड़ा झटका दिया है। देखिए, ये रिपोर्ट..
बंपर कमाई के मामले में बाहुबली 2 के रिकार्ड को अभी तक कोई फिल्म नहीं तोड़ पाई। बाहुबली 2 की पहले दिन की ओपनिंग बहुत जबरदस्त रही थी। पहले दिन फिल्म की कमाई 121 करोड़ रुपए रही। इससे पहले 'बाहुबलीः द बिगनिंग' ने 50 करोड़, कबाली ने 47 करोड़ और हैप्पी न्यू ईयर ने 44 करोड़ रुपए की कमाई की थी।
हालांकि देशभर में भारी विरोध-प्रदर्शन के बीच रिलीज हुई फिल्म 'पद्मावत' ने संजय लीला भंसाली की ही 'बाजीराव मस्तानी' से करीब दोगुनी कमाई कर ली। देशभर में रिलीज न हो पाने के बावजूद फिल्म ने पहले चार दिनों में 100 करोड़ रुपए कमा लिए हैं। जबकि, 2015 में आई बाजीराव मस्तानी 4 दिन में 57 करोड़ रु. कमा पाई थी।
हालांकि 'पद्मावत' बजट का पैसा निकाल चुकी है। करीब 250 करोड़ रुपए में बनी 'पद्मावत' के डिजिटल राइट्स फिल्म मेकर्स ने 25 करोड़ में बेचे जबकि सेटेलाइट राइट्स 75 करोड़ रुपए में बिके। विदेश में रिलीज के लिए 50 करोड़ रुपए का सौदा हुआ। इस तरह कुल कमाई मिलाकर फिल्म यानी 206 करोड़ कमा चुकी थी।
बाहुबली 2 देश में सबसे ज्यादा 8000 स्क्रीन पर रिलीज हुई थी, लेकिन पद्मावत केवल 3500 स्क्रीन पर ही लग पाई, जबकि शुरुआती अंदाजा 4000 स्क्रीन पर रिलीज का था। मध्यप्रदेश, राजस्थान, उत्तरप्रदेश जैसे बड़े हिन्दी बेल्ट वाले प्रदेशों और गुजरात में पूरी तरह स्क्रीनिंग नहीं हो पाने का खामियाजा इसे उठाना पड़ रहा है।