गायक शान 30 सितंबर को अपना जन्मदिन मनाते हैं। उनका पूरा नाम शांतनु मुखर्जी है। शान ने न केवल हिंदी बल्कि बंगाली, मराठी, उर्दू, तेलुगु और कन्नड़ भाषा में गाने गाए हैं। इसके साथ ही वो एक टेलीविजन होस्ट भी हैं। उन्होंने टीवी पर 'सारेगामापा', 'सारेगामापा लिटिल चैम्प्स', 'स्टार वॉयस ऑफ इंडिया' और 'म्यूजिक का महामुकबला' सहित कई अन्य शोज होस्ट किए हैं।
शान के परिवार के कई सदस्य संगीत की दुनिया से जुड़े रहे। शान के दादा जाहर मुखर्जी गीतकार थे। उनके पिता मानस मुखर्जी संगीतकार थे। शान की बहन सागारिका भी एक गायिका हैं। शान जब 13 साल के थे तब उनके पिता का निधन हो गया था। पिता की मौत के बाद शान की मां संगीत की दुनिया से जुड़ गईं, इससे उनके घर का खर्चा भी निकलने लगा।
शान ने छोटी उम्र से ही विज्ञापन फिल्मों के लिए जिंगल्स गाना शुरू कर दिया। 17 साल की उम्र में उन्होंने पहली बार फिल्म में गाना गाया। 1989 में आई फिल्म 'परिंदा' में उन्हें एक ही लाइन गाने के लिए मिला था। उस दौरान शान ने अपनी बहन के साथ मिलकर एलबम भी निकाला जो कि सुपरहिट रहा। उनके शुरुआती दौर के गानों 'भूल जा' और 'तन्हा दिल' को लोगों ने खूब पसंद किया।
शान ने बॉलीवुड के सभी बड़े कलाकारों के लिए गाने गाए हैं। उन्होंने शाहरुख खान, सलमान खान, अजय देवगन, सैफ अली खान, आमिर खान, ऋतिक रोशन, अक्षय कुमार, शाहिद कपूर, रणबीर कपूर, अभिषेक बच्चन और आर माधवन सहित अन्य कलाकारों को अपनी आवाज दी। जल्द ही शान की गिनती बॉलीवुड के टॉप गायकों में होने लगी।
शान की निजी जिंदगी की बात करें तो उन्होंने अपनी गर्लफ्रेंड राधिका से शादी की है। कपल के दो बेटे सोहम और शुभ हैं। शान और राधिका की पहली मुलाकात जब हुई उस वक्त राधिका 17 साल की और शान 24 साल के थे। राधिका को प्रपोज करने के बाद शान उनके पैरेंट्स से मिलने पहुंचे। साल 2000 में दोनों शादी के बंधन में बंध गए।