बॉलीवुड के किंग शाहरुख खान और गौरी खान की शादी को 31 साल हो गए हैं। दोनों 25 अक्तूबर 1991 को शादी के बंधन में बंधे थे। शाहरुख खान ने जब गौरी का हाथ थामा, तब वह इतने लोकप्रिय नहीं हुए थे। वह उनका शुरुआती संघर्ष का दौर था। उस वक्त शायद गौरी को भी अंदाजा नहीं होगा कि वह जिस शख्स की जीवनसंगिनी बनी हैं, वह बॉलीवुड पर राज करने वाला है। वैसे शाहरुख खान इकौलौते ऐसे एक्टर नहीं हैं, जिन्होंने मशहूर होने से पहले घर बसाया हो। इस लिस्ट में और भी स्टार शुमार हैं। इनमें से दो स्टार्स ऐसे भी हैं, जिनकी शादी टूट गईं, आइए जानते हैं...
शाहरुख खान
बॉलीवुड किंग शाहरुख खान ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत टीवी से की थी। उन्होंने टीवी पर 'दिल दरिया', 'फौजी', 'सर्कस' और 'वागले की दुनिया' जैसे सीरियल्स में काम किया। लेकिन, उनका बॉलीवुड डेब्यू उनकी शादी के लगभग एक साल बाद फिल्म 'दीवाना' (1992) से हुआ, जो सुपरहिट रही थी। इसके बाद शाहरुख ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। वह बॉलीवुड पर राज करते हैं।
सैफ अली खान
सैफ अली खान भी बॉलीवुड डेब्यू करने से पहले शादी करने वाले स्टार्स में शामिल हैं। सैफ ने अपनी डेब्यू फिल्म से दो वर्ष पहले ही शादी रचा ली थी। सैफ ने 1991 में उस वक्त की मशहूर अभिनेत्री अमृता सिंह से शादी की थी, जबकि उनकी डेब्यू फिल्म 'आशिक आवारा' 1993 में रिलीज हुई थी। सारा अली खान और इब्राहिम अली खान सैफ और अमृता के बच्चे हैं। हालांकि, वर्ष 2004 में सैफ और अमृता का तलाक हो गया। इसके बाद सैफ ने करीना कपूर से दूसरी शादी की।