बॉलीवुड की चुलबुली अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीस ने कम समय में ही बॉलीवुड में अपनी अच्छी- खासी पहचान बना ली। बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीस का 11 अगस्त को यानी आज जन्मदिन है। मिस यूनिवर्स श्रीलंका रह चुकीं जैकलीन फिल्मों में आने से पहले टीवी रिपोर्टर का काम करती थीं। उन्होंने सिडनी यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। जैकलीन का जन्म 11 अगस्त 1985 को बहरीन में हुआ था। साल 2006 में जैकलीन मिस श्रीलंका यूनिवर्स बनी थीं। जैकलीन ने बॉलीवुड में कदम साल 2009 में रखा था। जैकलीन के जन्मदिन पर बताते हैं उनके बारे में खास बातें...
जन्मदिन: 2006 में मिस श्रीलंका बनी थीं जैकलिन फर्नांडीस, सलमान के साथ दी हैं सुपरहिट फिल्में
बहरीन में उन्होंने केवल 14 साल की उम्र में एक कार्यक्रम को होस्ट किया था। एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि वो बचपन से ही एक अभिनेत्री बनना चाहती थीं और सोचती थीं कि किसी दिन वो मूवी स्टार होंगी। फिल्मों में आने की रुचि को देखते हुए उन्होंने जॉन स्कूल ऑफ एक्टिंग में कुछ समय तक ट्रेनिंग भी ली।
जैकलीन ने अपनी ग्रेजुएशन की पढ़ाई यूनिवर्सिटी ऑफ सिडनी से मॉस कम्यूनिकेशन में की। पढ़ाई खत्म करने के बाद जैकलीन श्रीलंका में बतौर टीवी रिपोर्टर काम करने लगीं। इसके बाद उन्होंने मॉडलिंग शुरू कर दी। साल 2009 में एक मॉडलिंग असाइनमेंट के सिलसिले में वो भारत आईं। यहां पहुंचने पर जैकलीन ने निर्देशक सुजॉय घोष की फैंटेसी ड्रामा 'अलादीन' के लिए ऑडिशन दिया और सेलेक्ट हो गईं। यह उनकी पहली फिल्म थी।
फिल्म में जैकलीन के अपोजिट रितेश देशमुख थे जबकि अमिताभ बच्चन की भी अहम भूमिका थी। बॉलीवुड में काम करने के लिए जैकलीन ने हिंदी सीखी। इसके अलावा उन्हें स्पेनिश, फ्रेंच और अरबी भाषा आती है। जैकलीन की पर्सनल लाइफ की बात करें तो वो बहरीन के प्रिंस हसन बिन राशिद अली खलीफा को डेट करती थीं। हसन से उनकी मुलाकात एक कॉमन फ्रेंड की पार्टी में हुई थी लेकिन जब जैकलीन को फिल्म 'हाउसफुल 2' मिली तो उनका रिश्ता टूट गया। उनके रिश्ते के टूटने का कारण डायरेक्टर साजिद खान थे।
जैकलीन की पहली हिट फिल्म 'मर्डर 2' (2011) रही, इसके बाद इंडस्ट्री में उन्हें पहचाना जाने लगा। 'मर्डर 2' की सफलता के बाद अगले ही साल जैकलीन की 'हाउसफुल 2' (2012) और 'रेस 3' (2013) आईं। इसके अलावा जैकलीन 2014 में फिल्म 'किक' में सलमान खान के साथ नजर आईं। कहते हैं 'किक' की सफलता के बाद सलमान खान ने उन्हें बांद्रा में 3 बीएचके फ्लैट गिफ्ट किया था।