आशा ताई के नाम से मशहूर आशा भोसले ने 12 हजार से ज्यादा गाने गाए हैं। उन्होंने कुल 20 भाषाओं में 1000 से ज्यादा फिल्मों में काम किया। आशा भोसले का जन्म 8 सितंबर 1933 को हुआ था। उन्हें बचपन से ही गाने का शौक था। केवल 10 साल की उम्र से उन्होंने गाना शुरू कर दिया था। आइए उनके जन्मदिन पर जानते हैं उनसे जुड़ी कुछ खास बातें।
आशा भोसले स्वर साम्राज्ञी लता मंगेशकर की छोटी बहन हैं। उनके पिता मशहूर क्लासिकल सिंगर दीनानाथ मंगेशकर थे। पिता के देहांत के बाद परिवार की सारी जिम्मेदारी लता मंगेशकर पर आ गई। बहन का साथ देने के लिए आशा भोसले ने भी सिंगिंग शुरू कर दिया। आशा भोसले की आवाज में जितनी मिठास घुली है उनकी निजी जिंदगी उतनी ही मुश्किलों भरी है।
लता मंगेशनकर उस वक्त काफी फेमस हो गई थीं। उन्होंने अपना पर्सनल सेक्रेटरी गणपतराव भोसले को रखा था जो उनका सारा काम देखता था। गणपतराव से आशा भोसले को प्यार हो गया लेकिन इस शादी के लिए घरवाले तैयार नहीं थे। दोनों ने घर से भागकर शादी का फैसला लिया। उस वक्त आशा भोसले की उम्र 16 साल थी, जबकि गणपतराव की 31 साल।
दोनों ने पसंद से शादी की थी लेकिन ये शादी ज्यादा दिनों तक चली नहीं। एक इंटरव्यू में आशा भोसले ने बताया था कि गणपतराव का परिवार ने उन्हें स्वीकार नहीं किया था। उनके साथ मारपीट की कोशिश होती थी। आखिकार गणपतराव ने एक दिन आशा भोसले को घर से निकाल दिया। उस वक्त वो प्रेग्नेंट थीं। ससुराल से निकाले जाने के बाद वो अपने दो बच्चों हेमंत और वर्षा के साथ वापस अपने मायके आ गईं।
फिल्म 'तीसरी मंजिल' के दौरान आरडी बर्मन ने आशा भोसले से गाने के लिए संपर्क किया। तब तक पंचम दा और आशा भोसले दोनों की ही पहली शादी टूट चुकी थी। पंचम दा अपनी पहली पत्नी रीता पटेल से अलग हो गए थे। वो रीता पटेल से इतना परेशान हो चुके थे कि घर छोड़कर होटल में रहने चले गए थे।