बॉलीवुड गलियारों में चर्चा है कि अमिताभ बच्चन 'ठग्स ऑफ हिंदोस्तान' के बॉक्स ऑफिस हश्र से निराश और नाराज हैं। भले ही आमिर खान ने फिल्म की नाकामी अपने जिम्मे ली और अमिताभ ने भी कहा कि दर्शकों-समीक्षकों की राय की कद्र करते हैं, इसके बावजूद बिग बी निर्माता-निर्देशक से नाराज हैं।
बताया जाता है कि बिग भी यह फिल्म करने के लिए उत्साहित नहीं थे परंतु निर्माता लगातार अनुरोध करते रहे। अंतत: उन्हें मानना पड़ा। पहले उन्होंने स्क्रिप्ट की कमियों पर ध्यान नहीं दिया। इतना ही नहीं अमिताभ अपने किरदार के वस्त्रों को लेकर भी असहज थे और एक्शन सीन करना स्वास्थ्य के लिए चुनौती थी। फिर भी उन्होंने रोल किया। अमिताभ निराश हैं कि इस उम्र में ठग्स के लिए जो मुश्किलें उठाईं, उनका अच्छा नतीजा नहीं निकला।
फिल्म 'ठग्स ऑफ हिंदोस्तान' ने आपनिंग डे पर 52 करोड़ का बिजनेस किया लेकिन निगेटिव रिएक्शन की वजह से अगले ही दिन इसकी कमाई आधी रह गई और धीरे-धीरे फिल्म धूल चाटने को मजबूर हो गई। ट्रेलर रिलीज के बाद से ही फिल्म को खूब ट्रोल किया गया था जिसका असर फिल्म के कलेक्शन पर पड़ा। बता दें 'ठग्स ऑफ हिंदोस्तान' दिवाली के मौके पर रिलीज हुई थी।
वर्क फ्रंट की बात करें तो अमिताभ बच्चन की अगली फिल्म अब मार्च 2019 में रिलीज होगी। निर्देशक सुजॉय घोष की 'बदला'। इसमें उनका सशक्त रोल है। साल के अंत में वह रणबीर कपूर-आलिया भट्ट स्टारर 'ब्रह्मास्त्र' में भी नजर आएंगे।
करण जौहर की फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' उनकी बहुचर्चित और बहुप्रतीक्षित फिल्मों में से एक है। यह पहली बार है, जब किसी फिल्म में रणबीर कपूर और अमिताभ बच्चन एक साथ काम कर रहे हैं। बता दें कि इस फिल्म का निर्देशन अयान मुखर्जी कर रहे हैं और फिल्म में मौनी रॉय और नागार्जुन भी अहम किरदारों में हैं।